Advertisement Carousel

एसबीआई कियोस्क घोटाला: 9 लाख की धोखाधड़ी, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

डौण्डीलोहारा, बालोद : एसबीआई कियोस्क सेंटर संबलपुर में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी और गबन का मामला सामने आने के बाद डौण्डीलोहारा पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।आरोपियों ने कम पढ़े-लिखे ग्राहकों को एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) और आरडी (रिकरिंग डिपॉजिट) करने का झूठा आश्वासन देकर उनके खातों से पैसे ट्रांसफर कर गबन कर लिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कीमती सामान और नगदी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, संबलपुर के एसबीआई कियोस्क सेंटर संचालक अमित कुमार निषाद और उसके साथी विरेन्द्र गिरी गोस्वामी ने वर्ष 2024-25 के दौरान रायपुरा और आसपास के क्षेत्र के लोगों के बैंक खातों से पैसे निकालकर गबन किया। आरोपी अंगूठा लगवाकर खातों से पैसे ट्रांसफर करते थे और ग्राहकों को एफडी-आरडी करने का झूठा आश्वासन देते थे। इस प्रकार उन्होंने कुल 9 लाख 10 हजार रुपये की धोखाधड़ी की है।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सामान जप्त किया:

एक एक्टिवा स्कूटर (काले रंग, CG 24 WH 2869)

एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल (CG 24 AR 5661)

दो मोबाइल फोन

एक एटीएम कार्ड

नगदी राशि 5,590 रुपये

कुल बरामद की गई संपत्ति की कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

इस मामले में थाना डौण्डीलोहारा में अपराध क्रमांक 64/26 के तहत धारा 316(5), 318(4) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर और उप पुलिस अधीक्षक बोनी फॉस एक्का के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह एवं उनकी टीम ने तेज कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।