Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ राजस्‍व व‍िभाग का कारनामा: कागजों में मृत घोषित मह‍िला सामने बोली-”मैं ज‍िंदा हूं”

Surguja News:अपने कार्यों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले छत्तीसगढ़ के सरगुजा राजस्व विभाग के अफसरों का एक और चौंकाने वाला कारनामा सामने आया है. सरगुजा जिले में एक बुजुर्ग महिला को कागजों में मृत घोषित कर लाखों रुपये की जमीन हड़पने की साजिश रची गई. हैरानी की बात यह है कि जिसे मृत बताया गया, वह महिला खुद सामने आकर कह रही है-“मैं जीवित हूं.”

अंबिकापुर के मेंड्रा खुर्द गांव का मामला

Surguja News:दरअसल, मामला अंबिकापुर के मेंड्रा खुर्द गांव का है. यहां की रहने वाली बुजुर्ग महिला  सुगामती राजवाड़े ने गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता का कहना है कि उसके ही भतीजे कवलसाय राजवाड़े ने साजिश के तहत उसे मृत घोषित कर दिया और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर उसकी करीब 6 एकड़ जमीन अपने नाम करा ली.

मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर कराया नामांतरण

Surguja News:सुगामती राजवाड़े का आरोप है कि बिना उसकी जानकारी के मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर लिया गया. इसी फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमीन का नामांतरण कर दिया गया. पीड़िता को इसकी भनक तक नहीं लगी. पीड़िता सुगामती राजवाड़े और उनका पूरा परिवार काफी कम पढ़ा-लिखा है. आरोप है कि इसी का फायदा न सिर्फ रिश्तेदारों ने उठाया बल्कि राजस्व विभाग के पटवारी से लेकर अधिकारियों ने भी कथित रूप से रुपए की लेन-देन कर पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम दिया.

Surguja News: धान बेचने गए तो खुला राज

पीड़िता के पोते नेहरू राजवाड़े ने बताया कि जब वे धान बेचने समिति पहुंचे तो समिति प्रबंधक ने कहा कि उनके नाम से कोई खेत ही दर्ज नहीं है. इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ कि जमीन पहले ही राजस्व रिकॉर्ड से गायब हो चुकी है. अब बुजुर्ग सुगामती राजवाड़े खुद को जिंदा साबित करने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रही है.