RAIPUR NEWS. बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर तक यह डिप्रेशन और 25 अक्टूबर तक गहरे डिप्रेशन में बदल सकता है। 26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है।
इसका असर छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। राज्य में 27 से 29 अक्टूबर के बीच कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। हालांकि, किन जिलों में ज्यादा बारिश होगी, इसे लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है।
ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का खतरा
मौसम सिस्टम का ज्यादा असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में पड़ सकता है। 27 से 29 अक्टूबर के बीच ओडिशा में बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मछुआरों के लिए चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को प्रभावित समुद्री इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
छत्तीसगढ़ के लोगों को भी मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी जाती है। संभावित चक्रवात की दिशा और तीव्रता के आधार पर बारिश का अनुमान बदल सकता है।