RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में चोरों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बदमाशों ने एक पुलिसकर्मी के घर को ही निशाना बना दिया। पंडरी थाना क्षेत्र स्थित दुबे कॉलोनी के ग्रैंडले विहार में महिला थाना में पदस्थ आरक्षक दीपक पटेल के घर चोरी की वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरक्षक दीपक पटेल रात में गश्त की ड्यूटी के लिए थाने गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर में धावा बोल दिया।
ड्यूटी से लौटे तो टूटे मिले घर के ताले
आरक्षक जब रात्रिगश्त से वापस अपने घर पहुंचे तो घर के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखने पर घर का सामान अस्त-व्यस्त था। अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे। चोर अलमारियों में रखी नगदी और जेवर लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान और रकम की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
पत्नी और बच्चे गए हैं गांव
बताया जा रहा है कि आरक्षक दीपक पटेल की पत्नी और बच्चे रक्षाबंधन के मौके पर गांव गए हुए हैं। ऐसे में घर में उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया।
FSL और डॉग स्क्वायड ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए कई टीमों को मौके पर बुलाया है। FSL, डॉग स्क्वायड, क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है। मौके से मिले सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।