RAIPUR NEWS : रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल मेकाहारा (डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल) में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। इस वारदात ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, सूरजपुर जिले की प्रतापपुर तहसील निवासी पंचमढ़ी पोया अपने पति के इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल आई थीं। पति को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वह वार्ड के बाहर ही रात में सो रही थीं। सोमवार सुबह जब उनकी नींद खुली तो उनका पर्स गायब था।
पीड़िता ने बताया कि पर्स में करीब 50 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन रखे हुए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अस्पताल चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
CCTV में नहीं मिला सुराग
RAIPUR NEWS : मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन अब तक चोरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की भी जांच कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों से मेकाहारा अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था एक निजी सुरक्षा एजेंसी के भरोसे संचालित हो रही है। इसके बावजूद अस्पताल परिसर में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इससे पहले भी अस्पताल में हुई कई चोरियों का खुलासा पुलिस कर चुकी है। जांच में कुछ मामलों में अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भूमिका सामने आई थी।
RAIPUR NEWS :अज्ञात चोरों की तलाश जारी
फिलहाल मौदहापारा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस शातिर चोरों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।