रायपुर में चलती ट्रेन में मोबाइल चोर को लात मारकर नीचे गिराया, वीडियो वायरल; यात्री गिरफ्तार
RAIPUR NEWS रायपुर। राजधानी रायपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी के आरोपी युवक को एक यात्री ने लात मारकर ट्रेन से नीचे गिरा दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में कानून हाथ में लेने वाले यात्री को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 14 जुलाई की है। बताया जा रहा है कि आजाद हिंद एक्सप्रेस में उरकुरा और मांढ़र स्टेशन के बीच एक युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगा। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद यात्री आर. सुरेश कुमार ने कथित आरोपी को लात मारकर चलती ट्रेन से नीचे गिरा दिया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए आर. सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 117(3) के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं, ट्रेन से गिरा घायल युवक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए जीआरपी की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।