RAIPUR NEWS. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में तीन पेपर लीक होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला किया है। अब प्रदेश के किसी भी प्राइवेट एग्रीकल्चर कॉलेज को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। इन कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों की परीक्षा नजदीकी सरकारी कृषि कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र पर होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा की निगरानी के लिए इन केंद्रों पर अलग से पर्यवेक्षक भी नियुक्त करेगा। इसके अलावा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर भी व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है।
अब परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र छपवाकर परीक्षा केंद्रों पर नहीं भेजे जाएंगे। विश्वविद्यालय परीक्षा शुरू होने से करीब डेढ़ घंटे पहले प्रश्नपत्र की पासवर्ड-प्रोटेक्टेड PDF संबंधित परीक्षा केंद्र को भेजेगा। परीक्षा केंद्र पर इसे निर्धारित समय पर खोला जाएगा और वहीं प्रश्नपत्र का प्रिंट निकालकर परीक्षार्थियों को दिया जाएगा।
इसके साथ ही परीक्षा केंद्र पर तैनात इन्विजिलेटर को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरिश चंदेल ने कहा कि इन बदलावों से पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।