RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश के साथ आकाशीय बिजली और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर में भी आज बादल जमकर बरस सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
वहीं, उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए मौसम विभाग ने खास चेतावनी जारी की है। यहां अगले तीन दिनों तक कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही प्रदेश के 10 जिलों में तेज हवा, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के साथ भारी बारिश का अलर्ट है।
उमस भरी गर्मी के बीच बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में पिछले कुछ समय से उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। अब बारिश की संभावना से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश में औसत बारिश सामान्य के करीब
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 11 अगस्त 2026 तक छत्तीसगढ़ में औसतन 658.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में पिछले 10 वर्षों की औसत बारिश 658.5 मिमी रही है। यानी प्रदेश में अब तक करीब 99.9 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। हालांकि, राज्य का औसत आंकड़ा सामान्य के करीब होने के बावजूद अलग-अलग जिलों में बारिश की स्थिति काफी अलग है।
इन जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अब तक सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। यहां 947.3 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 189.8 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा महासमुंद में 140.7 प्रतिशत, नारायणपुर में 128 प्रतिशत, रायपुर में 126.7 प्रतिशत, बलौदाबाजार में 124.7 प्रतिशत और बलरामपुर में 124 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, सक्ती, बालोद, मुंगेली, बिलासपुर, दुर्ग, धमतरी और राजनांदगांव में भी अब तक अच्छी बारिश हुई है।
इन जिलों में बारिश की कमी
प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून अब भी कमजोर बना हुआ है। सरगुजा में सामान्य के मुकाबले सिर्फ 68.7 प्रतिशत और जशपुर में 75.4 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा में 68.2 प्रतिशत, कांकेर में 69.2 प्रतिशत, बीजापुर में 71.7 प्रतिशत, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 72.1 प्रतिशत और बस्तर में 74.9 प्रतिशत बारिश हुई है। वहीं कबीरधाम में 83.7 प्रतिशत, कोंडागांव में 83.9 प्रतिशत और बेमेतरा में 80.4 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है।
बीते 24 घंटे में कहां हुई ज्यादा बारिश?
बीते 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में औसतन 5.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बिलासपुर में 28.9 मिमी, मुंगेली में 24.6 मिमी और बालोद में 18.4 मिमी बारिश हुई। दूसरी ओर बस्तर, नारायणपुर और बीजापुर जैसे दक्षिणी जिलों में बीते 24 घंटे के दौरान बारिश की गतिविधि बेहद कम रही।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में कम बारिश वाले उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भी मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोगों को गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।