धरसींवा। छत्तीसगढ़ के धरसींवा क्षेत्र से साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल का व्हाट्सएप अकाउंट साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया। इसके बाद हैकर्स ने उनके नंबर से कार्यकर्ताओं, परिचितों और समर्थकों को संदेश भेजकर पैसों की मांग शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
समर्थकों ने दी पूर्व विधायक को सूचना
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे कई लोगों के मोबाइल पर पूर्व विधायक के नंबर से रुपये मांगने वाले संदेश आने लगे। शुरुआत में लोगों को मामला समझ नहीं आया, लेकिन बड़ी संख्या में ऐसे मैसेज मिलने पर कार्यकर्ताओं ने तुरंत देवजी भाई पटेल को इसकी जानकारी दी। इसके बाद व्हाट्सएप हैक होने का खुलासा हुआ।
कार्यालय प्रभारी का नंबर भी बनाया निशाना
साइबर अपराधियों ने पूर्व विधायक के साथ-साथ उनके कार्यालय प्रभारी आदित्य शर्मा के मोबाइल नंबर को भी निशाना बनाया। आरोप है कि हैकर्स ने लोगों को फोन कर पैसों की मांग की और कुछ लोगों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया।
साइबर सेल में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज या पैसों की मांग पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार का लेन-देन करने से बचें।
साइबर अपराध पर उठाए सवाल
देवजी भाई पटेल ने इस घटना के बाद साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए पुलिस और साइबर सेल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि साइबर अपराधियों तक पहुंचने में देरी हो रही है और केवल सिम बंद कर देना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग की कि साइबर ठगों के खिलाफ तकनीकी रूप से मजबूत और प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को इस तरह की ठगी से बचाया जा सके।