RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में नकली पनीर, नकली खोवा और नकली दवाइयों के कारोबार का पर्दाफाश करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रदेश में मिलावट के काले कारोबार की परतें खोल रहे पत्रकार को अब दूसरे प्रदेश से आकर यहां कारोबार करने वाले कथित मिलावटखोरों की धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि मिलावट के खिलाफ कार्रवाई के दौरान ही पत्रकार को मां-बहन की गालियां देने, चाकू मारने और हत्या करवाने तक की धमकी दी गई। मामले में सिलतरा थाने में अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी सौरभ शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मामला 16 नवंबर को रायपुर के धनेली स्थित आयुष पेट्रोल पंप के पास खाद्य विभाग की कार्रवाई से जुड़ा है। पत्रकार संदीप शुक्ला की सूचना पर खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर एक कार और पिकअप को जांच के लिए रोका था। वाहनों से करीब 1700 किलो संदिग्ध पनीर बरामद हुआ था। जांच में पनीर नकली और अवमानक पाए जाने के बाद करीब डेढ़ टन पनीर नष्ट कराया गया।
कार्रवाई के दौरान राष्ट्रीय अखबार के पत्रकार अखिल शर्मा भी मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान पनीर कारोबार से जुड़े बताए जा रहे सौरभ शर्मा ने पत्रकारों को देखकर आपा खो दिया। आरोप है कि उसने संदीप शुक्ला को निशाना बनाते हुए गाली-गलौज की और चाकू से हमला करवाने, हत्या कराने तथा गुंडों से मरवाने की धमकी दी। आरोपी ने यहां तक कहा कि नकली पनीर के कारोबार को लेकर खबरें प्रकाशित करने के कारण उसका काफी नुकसान हो चुका है और अब वह पत्रकार को नहीं छोड़ेगा।
थाने में भी धमकी, पत्रकार ने दर्ज कराई FIR
धमकियों से खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे पत्रकार संदीप शुक्ला ने सिलतरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 18 नवंबर 2026 को FIR क्रमांक 0138 दर्ज की। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 20 नवंबर को बयान देने थाने पहुंचने पर भी आरोपी की ओर से पत्रकार को धमकाया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी सौरभ शर्मा को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।
नकली पनीर के कारोबार का बड़ा नेटवर्क, दूसरे प्रदेशों तक फैले तार
इस पूरे मामले की कहानी केवल 1700 किलो नकली पनीर की बरामदगी तक सीमित नहीं है। जांच में नकली पनीर के कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है। सौरभ शर्मा मूल रूप से मध्य प्रदेश के मुरैना का निवासी बताया जा रहा है। आरोप है कि वह भोपाल निवासी शमशाद आलम के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा में नकली पनीर की सप्लाई करता था।
इससे पहले भी सौरभ शर्मा नकली पनीर के मामले में पकड़ा जा चुका है। वहीं 16 नवंबर की रायपुर कार्रवाई के बाद 19 नवंबर को खैरागढ़ में शमशाद आलम और सौरभ शर्मा से जुड़ी करीब 1500 किलो नकली पनीर से भरी एक गाड़ी पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक, इस नेटवर्क की जांच में ड्राइवर के बयान, वाहनों से मिले दस्तावेज और सौरभ शर्मा के मोबाइल से नकली पनीर के कारोबार से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात सामने आई है। यह भी आरोप है कि मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई के डर से कुछ मिलावटखोर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में अपना कारोबार संचालित कर रहे हैं। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
नकली पनीर से नकली दवाइयों तक, मिलावट के खिलाफ लगातार अभियान
पत्रकार संदीप शुक्ला लंबे समय से छत्तीसगढ़ में मिलावट और अवैध कारोबार के खिलाफ खबरें सामने लाते रहे हैं। नकली पनीर, नकली खोवा, नकली दवाइयों और अन्य मिलावटी उत्पादों से जुड़े दर्जनों मामलों का खुलासा उनके पत्रकारिता अभियान का हिस्सा रहा है। इन खबरों के जरिए खाद्य सुरक्षा और आम लोगों की सेहत से जुड़े गंभीर सवाल उठते रहे हैं।
लेकिन अब सवाल यह है कि जो पत्रकार आम जनता की सेहत और सुरक्षा के लिए मिलावटखोरों का पर्दाफाश कर रहा है, उसकी अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? दूसरे प्रदेशों से आकर छत्तीसगढ़ में कथित तौर पर मिलावट का कारोबार करने वाले लोग यदि यहां के पत्रकारों को ही डराने-धमकाने लगें तो यह केवल एक पत्रकार पर हमला नहीं, बल्कि स्वतंत्र पत्रकारिता और जनहित में उठाई जा रही आवाज को दबाने की कोशिश है।
आखिर कब बनेगा छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षा कानून?
छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग लंबे समय से उठती रही है। पत्रकारों पर हमले, धमकियां और खबरों को दबाने के लिए बनाए जाने वाले दबाव के मामले लगातार चिंता बढ़ाते हैं। ऐसे में सवाल सरकार और व्यवस्था दोनों से है कि जनहित के मुद्दों पर काम करने वाले पत्रकारों को सुरक्षा देने के लिए ठोस व्यवस्था कब बनेगी?
क्या मिलावटखोरों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ खबर लिखना पत्रकारों के लिए जान का जोखिम उठाने जैसा ही रहेगा? क्या किसी पत्रकार को अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता किए बिना भ्रष्टाचार और मिलावट के खिलाफ आवाज उठाने का अधिकार नहीं होना चाहिए?
नकली पनीर के कारोबार का खुलासा करने वाले पत्रकार को मिली हत्या की धमकी ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षा कानून की जरूरत अब केवल मांग नहीं, बल्कि गंभीर सवाल बन चुकी है।
संदीप शुक्ला The Raw Reporter मैगज़ीन एवं YouTube चैनल के एडिटर-इन-चीफ हैं। वे खबर जोरदार न्यूज़ पोर्टल के संपादक हैं। इससे पहले वे IBC24 न्यूज़ में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।