RAIPUR NEWS : रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 अगस्त को महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे। इस बार प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 बहनों को योजना का लाभ मिलेगा। डौण्डीलोहारा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कुल 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में अंतरित करेंगे।
रक्षाबंधन से पहले मिलेगी किस्त
मुख्यमंत्री 25 अगस्त को बालोद जिले के विकासखंड मुख्यालय डौण्डीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम से महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त का अंतरण किया जाएगा। खास बात यह है कि सितंबर 2026 में दी जाने वाली 31वीं किस्त का भुगतान सामान्य तौर पर सितंबर में होना था, लेकिन रक्षाबंधन से पहले ही महिलाओं के खातों में राशि भेजी जा रही है।
अब तक 30 किस्तों में मिले 19 हजार करोड़ से ज्यादा
महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। सरकार के मुताबिक, अब तक 30 किस्तों में करीब 19,444 करोड़ रुपये की सहायता राशि महिलाओं को दी जा चुकी है। सरकार का कहना है कि योजना से मिलने वाली राशि महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के साथ-साथ स्वास्थ्य, चिकित्सा और पोषण संबंधी जरूरतों में भी मददगार साबित हो रही है।
बेटियों के भविष्य में भी हो रहा राशि का इस्तेमाल
योजना की राशि का उपयोग कई महिलाएं अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में जमा करने के साथ-साथ घरेलू और अन्य आर्थिक गतिविधियों में भी कर रही हैं। रक्षाबंधन से ठीक पहले 67 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में एक साथ 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचने से प्रदेश की महिला हितग्राहियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।