रायपुर: छत्तीसगढ़ में अवैध खैर लकड़ी की तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य उड़नदस्ता और रायपुर वन परिक्षेत्र की संयुक्त टीम ने कथित लकड़ी तस्कर मनीष अग्रवाल के गोदाम पर छापेमारी कर भारी मात्रा में खैर की लकड़ी बरामद की है। कार्रवाई के बाद गोदाम को सील कर दिया गया है।
दो ट्रकों से अधिक खैर लकड़ी बरामद
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान गोदाम से दो ट्रकों से अधिक मात्रा में अवैध खैर लकड़ी जब्त की गई है। विभाग ने जब्त लकड़ी को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा तक फैला हो सकता है तस्करी का नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद खैर लकड़ी को हरियाणा भेजने की तैयारी थी। खैर की लकड़ी से कत्था तैयार किया जाता है, जिसकी देश के कई हिस्सों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मांग है। वन विभाग अब लकड़ी की खरीद, परिवहन और सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रहा है।
पहले भी सामने आ चुके हैं मामले
वन विभाग के मुताबिक, करीब पांच साल पहले भी इसी मामले से जुड़े एक ट्रक को अवैध खैर लकड़ी के साथ पकड़ा गया था। उस समय भी राजसात की कार्रवाई की गई थी और आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया था।
पुराने मामलों की भी होगी पड़ताल
विभाग ने बताया कि आरोपी का नाम पहले भी वन्यजीव अपराधों से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। हालांकि, सभी मामलों में जांच और कानूनी कार्रवाई सक्षम प्राधिकारों के अनुसार की गई है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वन अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।