रायपुर : छत्तीसगढ़ के फार्मेसी महाविद्यालयों में इन दिनों हलचल का माहौल है। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) की 12 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक में विभिन्न फार्मेसी संस्थानों की स्वीकृति (Approval) एवं प्रवेश क्षमता (Intake) से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कई महाविद्यालयों की स्वीकृति पर प्रतिकूल निर्णय लिए गए हैं। कुछ संस्थानों के लिए जीरो इंटेक (Zero Intake) निर्धारित किया गया है, छत्तीसगढ़ के सरगुजा, बिलासपुर व रायपुर संभाग के कुछ महाविद्यालयों की प्रवेश क्षमता में 50 प्रतिशत तक कमी की गई है, जबकि अनेक संस्थानों की 10-10 सीटें घटाई गई हैं। इन निर्णयों के बाद संबंधित कॉलेजों में आगामी प्रवेश सत्र को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इधर, छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU), भिलाई ने संबद्ध एवं नवीन संबद्धता के लिए आवेदन करने वाले सभी संस्थानों को 16 जुलाई 2026 तक PCI द्वारा जारी नवीनतम Approval Order प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय के इस आदेश के बाद प्रदेश के अनेक कॉलेजों में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
शिक्षा जगत से जुड़े जानकारों का मानना है कि PCI के निर्णयों का सीधा असर वर्ष 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया पर पड़ सकता है। ऐसे में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को किसी भी संस्थान में प्रवेश लेने से पहले उस कॉलेज की PCI से प्राप्त नवीनतम स्वीकृति तथा CSVTU की संबद्धता की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि अवश्य कर लेनी चाहिए।
गौरतलब है कि अंतिम स्थिति संबंधित महाविद्यालयों को जारी PCI के आधिकारिक अनुमोदन आदेशों एवं विश्वविद्यालय द्वारा जारी आगामी निर्देशों के आधार पर ही स्पष्ट होगी।