RAIGARH NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर पाकिस्तान के झंडे का सिंबल और हैकिंग से जुड़ा संदेश दिखाई देने से हड़कंप मच गया। वेबसाइट खोलने पर ‘Hacked by Over Threes 1337’ लिखा नजर आया। घटना के बाद वेबसाइट से छेड़छाड़ की आशंका जताई जा रही है। नगर निगम की शिकायत पर साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वेबसाइट खोलते ही दिखा हैकिंग का मैसेज
जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.raigarhnagarnigam.com पर अचानक पाकिस्तान के झंडे का सिंबल दिखाई देने लगा। इसके साथ ही हैकर से जुड़ा संदेश भी स्क्रीन पर नजर आया। मामला सामने आने के बाद निगम अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
नगर निगम आयुक्त बृजेश कुमार ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद साइबर सेल की मदद से वेबसाइट पर दिखाई दे रहे झंडे और आपत्तिजनक संदेश को हटा दिया गया।
साइबर सेल कर रही मामले की जांच
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने वेबसाइट के साथ छेड़छाड़ की है। हालांकि, वेबसाइट वास्तव में किस तरह प्रभावित हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल साइबर विशेषज्ञों की मदद से वेबसाइट को पहले की स्थिति में बहाल कर दिया गया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले में साइबर सेल पुलिस जांच कर रही है।