नई दिल्ली। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने संसद में महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर चर्चा के दौरान नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने तल्ख भाषण में राजनीति बिरादरी के नैतिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यौन शोषण और पोर्न देखने की आदत में नेता सबसे आगे हैं, और यह भी दावा किया कि 755 सांसदों पर यौन शोषण के आरोप हैं।
“यौन शोषण के सबसे ज्यादा आरोप नेताओं पर ”
पप्पू यादव ने कहा, “भारत में यौन शोषण के सबसे ज्यादा आरोप नेताओं पर ही लगते हैं। सबसे पहले नेता, फिर बाबा और फिर पदाधिकारी। हमाम में सब नंगे हैं। हर डाल पर उल्लू बैठा है, अंजाम-ए-गुलिस्तां क्या होगा।”
विधेयक संसद में गिर गया
केंद्र सरकार द्वारा पेश किया गया संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 लोकसभा में पास नहीं हो सका। इस विधेयक के माध्यम से 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया जाना था। शुक्रवार को सदन में मत विभाजन के दौरान विधेयक के पक्ष में 298 वोट और विरोध में 230 वोट पड़े। संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं हो सका, जिसके कारण विधेयक गिर गया।
सरकार ने इसके साथ परिसीमन विधेयक 2026 और संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) विधेयक 2026 भी पेश किए थे, लेकिन मुख्य विधेयक के असफल होने के बाद इन दोनों को भी आगे नहीं बढ़ाया जा सका। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सदन में स्पष्ट किया कि चूंकि मुख्य संविधान संशोधन विधेयक पास नहीं हुआ, इसलिए संबंधित पूरक विधेयक भी आगे नहीं बढ़ाए जा सकते।
सरकार की मंशा पर उठाए सवाल
पप्पू यादव ने सरकार की मंशा और विधेयक लाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिना किसी विशेषज्ञ समिति की चर्चा या राज्यों से परामर्श किए अचानक तीन दिन का विशेष सत्र क्यों बुलाया गया? हालांकि उन्होंने खुद को महिला आरक्षण का समर्थक बताया, लेकिन विधेयक पेश करने के तरीके को लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ बताया।



