रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में 12 घंटे के भीतर दूसरी अज्ञात लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। ताजा मामला मेटल पार्क इलाके का है, जहां शेरे पंजाब ढाबा के पास एक नाली में अर्धनग्न अवस्था में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने नाली में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में शव करीब 8 से 10 दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे मामले को संदिग्ध माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लग गई। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ-साथ मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच हत्या और हादसे दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी खमतराई थाना क्षेत्र के WRS कॉलोनी स्थित खुले मैदान में एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिला था। 12 घंटे के भीतर दूसरी अज्ञात लाश मिलने से इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों के बीच किसी संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।