Advertisement Carousel

पत्नी ने बॉयफ्रेंड को घर में रखने की रखी शर्त, विरोध करने पर पति पर किया हमला

MP Crime News मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति अपनी ही पत्नी से जान के खतरे की शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा। पीड़ित ने भावुक होकर बताया कि उसकी पत्नी उस पर अपने बॉयफ्रेंड को भी घर में साथ रखने का दबाव बना रही थी। विरोध करने पर पत्नी ने उसके साथ मारपीट की और बच्चों को लेकर फरार हो गई।

सिकंदर कंपू क्षेत्र निवासी राजकुमार कुशवाह ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2008 में पूनम कुशवाह के साथ हिंदू रीति-रिवाजों से हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं—तीन बेटियां और एक बेटा। शुरुआती वर्षों में उनका वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन समय के साथ रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा।

राजकुमार के अनुसार, 22 जनवरी 2026 को उसकी पत्नी अचानक घर से गायब हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। करीब दो महीने बाद, मार्च में वह वापस लौटी और पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वह आशु उर्फ कमल सेन नाम के युवक के साथ रिलेशनशिप में थी और उसी के साथ रह रही थी।

घर लौटने के बाद पत्नी ने एक अजीब शर्त रखी। उसने कहा कि यदि राजकुमार उसे अपने साथ रखना चाहता है, तो उसके बॉयफ्रेंड को भी उसी घर में रहने देना होगा। इस बात को लेकर घर में लगातार विवाद होने लगे।

पीड़ित का आरोप है कि 5 मई 2026 को पत्नी फिर बिना बताए घर से चली गई और दोपहर में लौटने पर उसने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। विरोध करने पर पत्नी ने गुस्से में ईंट उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मारपीट के बाद महिला घर में रखे गहने, नकदी और चारों बच्चों को लेकर फरार हो गई। जाते समय उसने पति को जान से मारने की धमकी भी दी। घायल अवस्था में राजकुमार सिर पर पट्टी बांधकर एसपी कार्यालय पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई।

मामले की पुष्टि करते हुए सीएसपी अनुरागना सिरसाम ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस महिला और बच्चों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।