अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अमरोहा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। हनुमान मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ चल रहा था, तभी बजरी से भरा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर पेड़ से टकराने के बाद पलट गया और श्रद्धालुओं पर जा गिरा।
इस हादसे में 70 वर्षीय परम सिंह, 42 वर्षीय महिपाल और अपने नाना-नानी के घर आए 5 वर्षीय आर्यवीर (आर्यन) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय पंडाल में करीब 20 से 25 श्रद्धालु मौजूद थे, जिनमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा जिले के देहात थाना क्षेत्र के कांठ मार्ग स्थित मिलक चवी (चक छावी) गांव में हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।




