मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित अजयपाल धाम के भगत करण कुशवाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बाबा एक युवक की पारिवारिक जिंदगी को लेकर चौंकाने वाले दावे करते नजर आ रहे हैं। युवक अपनी पत्नी से जुड़ी परेशानी लेकर बाबा के दरबार में पहुंचा था। इस दौरान बाबा ने दावा किया कि युवक के दोनों बच्चे उसके नहीं, बल्कि किसी दूसरे व्यक्ति की संतान हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने युवक को पत्नी से रिश्ता खत्म कर दूसरी शादी करने की सलाह भी दी।
हालांकि, वीडियो में बाबा की ओर से किए गए इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पत्नी के बारे में पूछने पहुंचा था युवक
वायरल वीडियो में एक युवक बाबा से अपनी पत्नी के बारे में सवाल करता दिखाई देता है। वह बताता है कि उसकी पत्नी ससुराल में कम और मायके में ज्यादा रहती है। युवक यह भी जानना चाहता है कि क्या उसकी पत्नी का किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध है।
युवक की बात सुनने के बाद बाबा वहां मौजूद लोगों को कुछ देर के लिए पीछे हटने को कहते हैं। उनका कहना होता है कि कुछ बातें निजी हैं, जिन्हें अकेले में बताना जरूरी है। इसके बाद वह युवक से उसकी पत्नी और बच्चों को लेकर बातचीत करते हैं।
बाबा बोले- दोनों बच्चे तुम्हारे नहीं हैं
वीडियो में भगत करण कुशवाह युवक से कहते नजर आते हैं कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध है। इसके बाद वह दावा करते हैं कि युवक के घर में जन्मे दोनों बच्चे भी उसके नहीं, बल्कि किसी दूसरे व्यक्ति के हैं।
जब युवक बाबा से उस व्यक्ति का नाम पूछता है, तो वह नाम बताने से इनकार कर देते हैं। बाबा कहते हैं कि अगर उन्होंने उस व्यक्ति का नाम बता दिया तो युवक उसे मार सकता है। वह यह भी कहते हैं कि अगर युवक ने उसे नहीं मारा तो वह व्यक्ति युवक की जान ले सकता है।
पत्नी को छोड़कर दूसरी शादी करने की दी सलाह
वीडियो में बाबा युवक को पत्नी से रिश्ता खत्म करने की सलाह देते हुए भी दिखाई देते हैं। उनका कहना है कि युवक को अब अपनी पत्नी को छोड़कर दूसरी शादी कर लेनी चाहिए।
बाबा युवक से कहते हैं कि इस रिश्ते को खत्म कर नई जिंदगी शुरू करे। बातचीत के आखिर में वह युवक को भभूति देते हैं और आशीर्वाद देकर विदा करते हैं।
पुलिस ने क्या कहा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजयपाल बाबा का धाम छतरपुर के कैंडी गांव में स्थित है, जो ओरछा रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ओरछा रोड थाना प्रभारी टीआई दीपक शर्मा ने बताया कि फिलहाल बाबा के खिलाफ कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।
पहले भी विवादों में आ चुके हैं अजयपाल बाबा
अजयपाल बाबा इससे पहले भी एक स्टिंग ऑपरेशन को लेकर चर्चा में आए थे। करीब दो महीने पहले एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि बाबा ने बातचीत के दौरान हाईवे से लगी सरकारी जमीन पर कब्जा करने की योजना बताई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, बाबा ने करीब 22 एकड़ सरकारी जमीन का जिक्र करते हुए कहा था कि दरबार का विस्तार होने पर धीरे-धीरे उस जमीन पर कब्जा किया जाएगा और वहां गोशाला बनाई जाएगी।
स्टिंग के दौरान उनसे महामृत्युंजय मंत्र, हनुमान चालीसा और राम स्तुति के बारे में भी सवाल किए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, वह इन धार्मिक मंत्रों को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए थे।
फिलहाल अजयपाल धाम के भगत करण कुशवाह का वीडियो चर्चा में है। वीडियो में पत्नी और बच्चों को लेकर किए गए दावों के समर्थन में कोई स्वतंत्र प्रमाण सामने नहीं आया है। इसलिए इन्हें केवल बाबा के दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।