KORBA NEWS. कोरबा जिले में कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल और डीजल से भरे एक टैंकर में अचानक आग भड़क उठी। घटना गुरसिया मोड़ के पास की है। टैंकर में आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, इंडियन ऑयल का यह टैंकर कोरबा से पेट्रोल और डीजल लेकर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। रास्ते में चालक गुरसिया ढाबे के पास भोजन करने के लिए रुका था। खाना खाने के बाद जब उसने दोबारा टैंकर स्टार्ट किया, तभी इंजन वाले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं।
आग बढ़ती देख टैंकर से कूदा चालक
टैंकर में आग तेजी से फैलती देख चालक ने बिना देर किए वाहन से छलांग लगा दी और सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया। उसकी सूझबूझ के चलते बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि टैंकर में करीब 4 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल भरा हुआ था। पेट्रोलियम पदार्थों से भरे टैंकर में आग लगने की खबर से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और लोग सुरक्षित जगहों की ओर हटने लगे।
पुलिस और दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था संभाली और लोगों को घटनास्थल से दूर कराया। इसके बाद दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद टैंकर में लगी आग पर काबू पा लिया। आग बुझने के बाद पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
बड़ा हादसा टला, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल टैंकर में आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। प्रारंभिक तौर पर आग इंजन के हिस्से से शुरू होने की जानकारी सामने आई है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। चालक के समय रहते टैंकर से बाहर निकल जाने और दमकल के तत्काल पहुंचने से संभावित बड़े हादसे को टाला जा सका।