DANTEWADA NEWS. दंतेवाड़ा के बचेली स्थित आकाशनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में CISF के जवान की मौत हो गई। ड्यूटी के दौरान राइफल की सफाई करते वक्त अचानक दो गोलियां चल गईं, जिसकी चपेट में आने से जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में साथी जवान उसे इलाज के लिए अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक जवान महाराष्ट्र का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के वक्त वह ड्यूटी पर था और अपनी सर्विस राइफल की सफाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक राइफल से दो गोलियां चल गईं। गोली लगने से जवान गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद CISF के अन्य जवानों में हड़कंप मच गया। साथियों ने तत्काल घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही CISF के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसा या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस
शुरुआती जानकारी में घटना को राइफल की सफाई के दौरान हुआ हादसा माना जा रहा है। हालांकि, राइफल से गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के वक्त सुरक्षा प्रक्रिया का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस और CISF अधिकारी पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल कर रहे हैं।