KONDAGAON NEWS: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ सड़क हादसा हो गया। सिटी कोतवाली क्षेत्र के घोड़ागांव के पास NH-30 पर सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री के वाहन को साइड से टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो काफिले में पीछे चल रही फॉलो वाहन से जा भिड़ी।
हादसे में फॉलो वाहन में सवार 4 पुलिसकर्मी और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
मंत्री केदार कश्यप पहुंचे अस्पताल
हादसे की जानकारी मिलते ही वन मंत्री केदार कश्यप जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों और ड्राइवर का हाल जाना और डॉक्टरों से उनके उपचार की जानकारी ली।
स्कॉर्पियो ने काफिले की दो गाड़ियों को मारी टक्कर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मंत्री का काफिला NH-30 से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने मंत्री के वाहन को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर काफिले में पीछे चल रही फॉलो वाहन से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉलो वाहन में मौजूद पुलिसकर्मी और ड्राइवर घायल हो गए। हादसे में कुल 5 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घोड़ागांव के पास हुआ हादसा
सड़क दुर्घटना सिटी कोतवाली कोंडागांव थाना क्षेत्र के घोड़ागांव के पास NH-30 पर हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। स्कॉर्पियो चालक की स्थिति और दुर्घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे की विस्तृत तस्वीर सामने आएगी।