KAWARDHA NEWS : छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सड़क हादसे में 6 गौवंशों की मौत के बाद लोगों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। मामला बोड़ला के बांधाटोला का है, जहां सड़क पर बैठे गौवंशों को एक अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में सभी 6 गौवंशों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और गौ सेवक मौके पर जुट गए। गौवंशों की लगातार हो रही मौत के विरोध में कई गौ सेवक अनशन पर बैठ गए हैं। प्रदर्शन के चलते रायपुर-जबलपुर NH-30 पर सुबह करीब 7 बजे से यातायात प्रभावित है। हाईवे पर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है।
प्रदर्शनकारियों का दावा है कि पिछले एक महीने में ही सड़क हादसों में 20 से ज्यादा गौवंशों की जान जा चुकी है। उनका कहना है कि प्रशासन को गौवंशों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। फिलहाल विरोध प्रदर्शन के चलते इलाके में तनाव और यातायात व्यवस्था प्रभावित है।