स्कूल जाने निकली नाबालिग छात्रा महाराष्ट्र में मिली, युवक गिरफ्तार; 25 अगस्त तक भेजा गया जेल
KABIRDHAM NEWS. कबीरधाम जिले में स्कूल जाने के लिए घर से निकली नाबालिग छात्रा के लापता होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे महाराष्ट्र से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर छात्रा को बहला-फुसलाकर दूसरे राज्य ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद 25 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।पुलिस ने मामले में छात्रा का बयान दर्ज कराने के साथ मेडिकल जांच कराई। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं और आगे की जांच जारी है।
स्कूल के लिए निकली थी छात्रा, शाम तक नहीं लौटी
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त को छात्रा के परिजनों ने कुण्डा थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी जानकारी जुटाई।
महाराष्ट्र से सुरक्षित बरामद हुई छात्रा
जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के महाराष्ट्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां तलाश शुरू की और नवी मुंबई के एरौली इलाके से छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, छात्रा आरोपी युवक के साथ मिली। इसके बाद उसका बयान महिला नोडल अधिकारी के समक्ष कराया गया। पुलिस का कहना है कि बयान में छात्रा ने आरोपी द्वारा उसे दूसरे शहर ले जाने और उसके साथ जबरदस्ती किए जाने की जानकारी दी।
बयान और मेडिकल जांच के बाद बढ़ाई गईं धाराएं
पुलिस ने छात्रा का विधिवत मेडिकल परीक्षण कराया। विवेचना और बयान से सामने आए तथ्यों के आधार पर 12 अगस्त को मामले में BNS की धारा 64(2)(M), 87 और POCSO एक्ट की धारा 6 जोड़ी गई। आरोपी की पहचान राज मिश्रा (20) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरदोई, उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में महाराष्ट्र में रह रहा था।
आरोपी गिरफ्तार, 25 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी दी गई और 13 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को भी दी गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 25 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और शेष साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।