Upcoming Movies 2026: रामायण से किंग तक, अक्टूबर से दिसंबर में रिलीज होंगी ये बड़ी फिल्में
BOLLYWOOD NEWS. साल 2026 का आखिरी दौर फिल्मी फैंस के लिए काफी खास रहने वाला है। अक्टूबर से दिसंबर के बीच कई बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार हैं। इन फिल्मों में बड़े सितारों के साथ अलग-अलग जॉनर की कहानियां देखने को मिलेंगी।रणबीर कपूर की रामायण पार्ट 1 से लेकर शाहरुख खान की किंग तक, आने वाले महीनों में कई बहुप्रतीक्षित फिल्मों पर दर्शकों की नजर है। वहीं आयुष्मान खुराना, यामी गौतम और श्रद्धा कपूर जैसे सितारे भी अपनी फिल्मों के साथ बॉक्स ऑफिस पर नजर आएंगे। आइए जानते हैं अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर 2026 में रिलीज होने वाली चर्चित फिल्मों के बारे में।
उड़ता तीर
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान स्टारर उड़ता तीर 9 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में राहुल बोस और राम कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह स्पाई-कॉमेडी बताई जा रही है, जिसमें आयुष्मान एक पाकिस्तानी जासूस के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर पहले ही रिलीज हो चुका है।
प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम
राजकुमार राव की फिल्म प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी। फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमलों से जुड़े घटनाक्रम पर आधारित बताई गई है। अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राजकुमार राव मशहूर विशेष लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में वामिका गब्बी, सिकंदर खेर और जयदीप अहलावत भी नजर आएंगे।
नई नवेली
यामी गौतम की नई नवेली भी 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी। फिल्म में फैमिली ड्रामा के साथ हॉरर का ट्विस्ट देखने को मिलेगा। कहानी मेरठ के एक परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां घर में आई नई बहू को लेकर डायन होने का शक पैदा होता है। फिल्म में आदिनाथ कोठारे भी अहम भूमिका में हैं। इसका निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है।
पायर
नेशनल अवॉर्ड विजेता विनोद कापड़ी की फिल्म पायर 23 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी। उत्तराखंड की पृष्ठभूमि में बनी यह फिल्म एक बुजुर्ग दंपति की जिंदगी, उनके अकेलेपन और बच्चों के पलायन के बाद उनके इंतजार की कहानी को दिखाती है। फिल्म में 80 वर्षीय पदम सिंह कापड़ी और 70 वर्षीय हीरा देवी पहली बार अभिनय करते नजर आएंगे।
काली खेती
जैकी श्रॉफ और शरद केलकर स्टारर काली खेती 23 अक्टूबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली है। वीरेंद्र सक्सेना और शाजी चौधरी भी फिल्म का हिस्सा हैं। इसे रूरल हॉरर फिल्म बताया गया है। फिल्म के निर्देशन और लेखन की जिम्मेदारी हारिस इम्तियाज खान ने संभाली है, जबकि सना खान इसकी निर्माता हैं।
रामायण पार्ट 1
2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक रामायण पार्ट 1 6 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस मेगा बजट फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण, सनी देओल हनुमान और यश रावण के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है।
ये प्रेम मोल लिया
सूरज बड़जात्या की पारिवारिक ड्रामा फिल्म ये प्रेम मोल लिया 27 नवंबर 2026 को रिलीज होगी। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। अनुपम खेर भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। सूरज बड़जात्या की फिल्मों की तरह इस फिल्म से भी पारिवारिक रिश्तों और भावनाओं पर आधारित कहानी की उम्मीद की जा रही है।
ईठा
श्रद्धा कपूर की फिल्म ईठा 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म महाराष्ट्र की मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित बताई गई है। श्रद्धा कपूर फिल्म में विठाबाई का किरदार निभा रही हैं। फिल्म में रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है।
किंग
साल के अंत में शाहरुख खान की किंग सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली बड़ी फिल्मों में शामिल है। फिल्म के जरिए शाहरुख खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। खास बात यह है कि किंग से उनकी बेटी सुहाना खान के बड़े पर्दे पर डेब्यू की भी चर्चा है। फिल्म में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, अभय वर्मा, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल और रानी मुखर्जी जैसे कलाकारों के नाम भी जुड़े हैं। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं।
2026 के आखिरी तीन महीने क्यों हैं खास?
अक्टूबर से दिसंबर के बीच एक के बाद एक कई बड़े प्रोजेक्ट रिलीज होने वाले हैं। अलग-अलग जॉनर की इन फिल्मों में स्पाई-कॉमेडी, हॉरर, फैमिली ड्रामा, बायोपिक और पौराणिक कथा से लेकर एक्शन एंटरटेनमेंट तक देखने को मिलेगा। ऐसे में आने वाले तीन महीने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए काफी व्यस्त रहने वाले हैं।