JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पाकरगांव में बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान सात मजदूर 11 केवी हाईटेंशन बिजली करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज पत्थलगांव सिविल अस्पताल में जारी है।
परमिट मिलने की बात कहकर शुरू कराया काम
घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों ने साइड ठेकेदार रामसिंह साहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मजदूरों के मुताबिक, ठेकेदार मौके पर मौजूद था और उसने कहा था कि बिजली विभाग से काम के लिए परमिट मिल गया है। इसके बाद मजदूरों ने बिजली पोल शिफ्टिंग का काम शुरू कर दिया। मजदूरों का कहना है कि काम शुरू करते ही वे 11 केवी हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते सात मजदूर बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को पत्थलगांव सिविल अस्पताल पहुंचाया।
दो मजदूरों की मौत, पांच का इलाज जारी
हादसे में झुलसे दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि पांच मजदूरों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पत्थलगांव पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने मृत मजदूरों के परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई है।
बिजली विभाग ने ठेकेदार पर उठाए सवाल
इस पूरे मामले में बिजली विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि ठेकेदार ने किसी दूसरी जगह बिजली पोल शिफ्टिंग के लिए परमिट लिया था। विभाग के मुताबिक, जिस स्थान के लिए परमिट जारी हुआ था, वहां काम नहीं किया गया और दूसरी जगह पोल शिफ्टिंग का कार्य शुरू कर दिया गया। इसी दौरान यह हादसा हुआ।