जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले में सोशल मीडिया पर एक कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला नवागढ़ ब्लॉक के बोडसरा खैरवार पारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां स्कूल परिसर में एक शिक्षक और शिक्षिका की कथित हरकतें वीडियो में दिखाई देने का दावा किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और कार्रवाई की मांग की जा रही है।
कलेक्टर के निर्देश पर जांच टीम गठित
मामले का संज्ञान लेते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को जांच के निर्देश दिए हैं। इसके बाद डीईओ ने दो प्राचार्यों की जांच टीम गठित की, जिसने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है।
शिक्षक-शिक्षिका BEO कार्यालय में अटैच, नोटिस जारी
जांच के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने शिक्षक और शिक्षिका को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। डीईओ अशोक सिन्हा ने बताया कि जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षक को नवागढ़ BEO कार्यालय और शिक्षिका को अकलतरा BEO कार्यालय में अटैच कर दिया गया है।
ग्रामीणों में नाराजगी, सख्त कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद पालकों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल शिक्षा और संस्कार का केंद्र होता है, ऐसे में इस तरह की घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।