JALAUN NEWS. उत्तर प्रदेश के जालौन में भाई दूज के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। माधौगढ़ थाना क्षेत्र के महोई गांव के पास कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरे। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों में 17 वर्षीय किशोर और महज चार साल की मासूम बच्ची भी शामिल है।
भाई दूज पर टीका कराने जा रहे थे, रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे ग्राम महोई के पास लिफ्ट कैनाल के सामने यह हादसा हुआ। बाइक पर चार लोग सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों वाहन सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही बंगरा चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद माधौगढ़ थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी अंबुज यादव भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
रेस्क्यू कर चारों को बाहर निकाला, तीन की हो चुकी थी मौत
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया और पानी में डूबे चारों लोगों को बाहर निकलवाया। हालांकि, तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल महिला को पीआरवी की मदद से सीएचसी जालौन पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान नृपेंद्र सिंह (32) पुत्र मान सिंह और पार्थ (17) पुत्र रविंद्र सिंह, निवासी नया रामनगर, उरई के रूप में हुई है। इनके अलावा चार वर्षीय मानवी पुत्री राहुल वर्मा निवासी कटरा इंदीवर नगर, बरुआसागर, झांसी की भी मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल महिला की पहचान आरती वर्मा (30) पत्नी राहुल वर्मा के रूप में हुई है।
भाई दूज पर बहन के घर जा रहे थे नृपेंद्र
सीओ माधौगढ़ अंबुज यादव के मुताबिक, नृपेंद्र सिंह भाई दूज के मौके पर मध्य प्रदेश के लहार में अपनी बहन के घर टीका कराने जा रहे थे। वहीं, घायल आरती वर्मा के पति राहुल वर्मा ने पुलिस को फोन पर बताया कि उनकी पत्नी अपनी बेटी मानवी के साथ बरुआसागर से उरई टीका कराने आ रही थीं। इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
हादसे के बाद कार सवार फरार, पुलिस ने वाहन कब्जे में लिए
सीओ अंबुज यादव ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार में सवार लोग किसी तरह वाहन से बाहर निकले और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पानी से कार और बाइक को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया है। हादसे में शामिल सफेद रंग की कार मध्य प्रदेश नंबर (MP 09 DJ 3195) की है, जबकि बाइक का नंबर (UP 92 V 5355) बताया गया है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए उरई मोर्चरी भेज दिए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार कार सवारों की तलाश की जा रही है।