GWALIOR NEWS. मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक अहम मामला सामने आया है। दीपावली की छुट्टी के बावजूद हाईकोर्ट ने 14 साल की दुष्कर्म पीड़िता को बड़ी राहत देते हुए 26 सप्ताह और एक दिन के गर्भ के चिकित्सकीय समापन की अनुमति दे दी है। मामला शिवपुरी की एक नाबालिग लड़की से जुड़ा है। हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति मिलिंद रमेश फड़के ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
अदालत ने गर्भसमापन की प्रक्रिया ग्वालियर के कमलाराजा अस्पताल में कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम गठित करने और पूरी चिकित्सकीय सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही प्रक्रिया के दौरान पर्याप्त रक्त और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मेडिकल रिकॉर्ड और DNA सैंपल सुरक्षित रखने के आदेश
हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को सभी मेडिकल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा डीएनए सैंपल को भी संरक्षित रखने को कहा गया है, ताकि भविष्य में कानूनी प्रक्रिया के दौरान जरूरी साक्ष्य उपलब्ध रहें।
प्रदेश की सभी ट्रायल कोर्ट के लिए हाईकोर्ट की गाइडलाइन
इस मामले में हाईकोर्ट ने प्रदेश की सभी ट्रायल कोर्ट के लिए भी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अदालत ने कहा कि नाबालिग दुष्कर्म पीड़िताओं से जुड़े गर्भसमापन के मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। हाईकोर्ट ने विशेष रूप से कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में एक दिन की देरी भी गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है। इसलिए पीड़िताओं की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अदालतों और संबंधित चिकित्सा संस्थानों को समय पर जरूरी निर्णय और कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।