JAGDALPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप से सोना चोरी होने का बड़ा मामला सामने आया है। शहर के व्यस्त पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलरी में दो महिलाओं ने कथित तौर पर उठाईगिरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान से करीब 1200 ग्राम सोने से भरा बॉक्स गायब हो गया, जिसकी अनुमानित कीमत पौने दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, दुकान में ग्राहकों की भीड़ का फायदा उठाकर दोनों महिलाओं ने इस वारदात को अंजाम दिया। CCTV फुटेज में लाल साड़ी पहनी एक महिला काउंटर के पास से सोने का बॉक्स उठाती दिखाई दे रही है। इसके बाद वह बॉक्स अपनी दूसरी महिला साथी को दे देती है। कुछ ही देर में दोनों महिलाएं दुकान से निकलकर फरार हो जाती हैं।
लाल साड़ी वाली महिला ने उठाया सोने का बॉक्स
CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामले में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। फुटेज में दोनों महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दे रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने पहले से योजना बनाकर भीड़ का फायदा उठाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश में पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अब दुकान में लगे CCTV फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े शहर के व्यस्त इलाके में स्थित ज्वेलरी शॉप से करीब 1.20 किलो सोना चोरी होने की घटना ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही वारदात से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी।