JAGDALPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में सरकारी शराब दुकान में हंगामा और तोड़फोड़ करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजा ध्रुव (34) के रूप में हुई है। वह तेतरखुटी क्षेत्र में पानी की टंकी के पास वार्ड नंबर 35 का निवासी है। आरोप है कि शराब दुकान बंद होने के बाद वह नशे की हालत में पहुंचा और दरवाजे पर लात मारकर उसे तोड़ दिया। इसके बाद जबरन दुकान के अंदर घुसकर शराब की मांग करने लगा। मामले में कार्रवाई के बाद न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दुकान बंद होने पर दरवाजे पर मारी लात
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना जगदलपुर के धरमपुरा इलाके में स्थित सरकारी शराब दुकान की है। रात करीब 10 बजे दुकान बंद होने के दौरान राजा ध्रुव वहां पहुंचा। आरोप है कि नशे की हालत में उसने बंद दरवाजे पर जोरदार लात मारी, जिससे दरवाजा टूट गया। इसके बाद वह जबरन दुकान के अंदर घुस गया और कर्मचारियों से शराब मांगने लगा।
मैनेजर से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप
दुकान के मैनेजर ने जब दुकान बंद होने की बात कहते हुए शराब देने से इनकार किया, तो आरोपी कथित तौर पर भड़क गया। आरोप है कि उसने मैनेजर और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उसने मारपीट करने की भी कोशिश की। घटना के बाद दुकान में मौजूद कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। इसके बाद मैनेजर ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया आरोपी
न्यायालय में पेशी के बाद राजा ध्रुव को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया गया। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।