HARDOI NEWS. उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक ऐसी शिकायत सामने आई है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है। आमतौर पर लोग सड़क, बिजली, पानी, नाली या प्रशासनिक समस्याओं को लेकर अधिकारियों से शिकायत करते हैं, लेकिन हरदोई के एक युवक ने सीधे भगवान इंद्रदेव के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी।

मल्लावां ब्लॉक के नेवादा परस गांव निवासी सूरज तिवारी ने 26 सितंबर को जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर यह शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने लगातार हो रही बारिश से पैदा हुई जलभराव और आम लोगों की परेशानी का जिक्र करते हुए जिला प्रशासन से बारिश नियंत्रित कराने की मांग की है।
‘बिना सूचना के लगातार बारिश क्यों करा रहे हैं इंद्रदेव?’
शिकायत में सूरज तिवारी ने लिखा कि हरदोई में पिछले कई घंटों से इंद्रदेव द्वारा लगातार बारिश कराई जा रही है। कभी तेज तो कभी धीमी बारिश होने के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। उन्होंने शिकायत में बताया कि बारिश के चलते सड़कों, गलियों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है और रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हुए हैं। शिकायतकर्ता ने किसानों की फसलों को लेकर भी चिंता जताई है। लगातार बारिश के कारण किसानों के सामने फसल को नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया है।
‘DM साहब, इंद्रदेव को निर्देश जारी कर दीजिए’
इस शिकायत का सबसे दिलचस्प हिस्सा वह है, जहां शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से इंद्रदेव को निर्देश जारी करने की गुहार लगाई है। सूरज तिवारी ने लिखा कि उन्हें इंद्रदेव का मोबाइल नंबर ज्ञात नहीं है। इसलिए जिलाधिकारी अपने ‘दिव्य संपर्क माध्यम’ के जरिए इंद्रदेव तक नोटिस या निर्देश पहुंचाएं और बारिश को तत्काल नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। युवक ने अपनी शिकायत में प्रशासन से मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेने और बारिश के कारण परेशान हो रहे जिले के लोगों को राहत दिलाने की अपील की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई अनोखी शिकायत
IGRS पोर्टल पर दर्ज इस शिकायत की तस्वीर सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। लोग इसे अलग-अलग अंदाज में देख रहे हैं। कुछ लोग शिकायत की भाषा और अंदाज पर मजाक कर रहे हैं, जबकि कई लोग इसे जलभराव और ड्रेनेज व्यवस्था की समस्या पर व्यंग्य के तौर पर देख रहे हैं। दरअसल, लगातार बारिश के दौरान जलभराव की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है। ऐसे में युवक ने अपनी शिकायत को जिस अनोखे अंदाज में प्रशासन तक पहुंचाया, उसने इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
हरदोई में तीन दिनों में 250 MM से ज्यादा बारिश
जानकारी के मुताबिक, हरदोई में 24 सितंबर की रात से 27 सितंबर तक लगातार बारिश का दौर चला। इस दौरान चार दिनों में करीब 250 एमएम से अधिक बारिश रिकॉर्ड किए जाने की बात सामने आई है।लगातार बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी। बारिश के चलते 20 से ज्यादा मकानों के गिरने की जानकारी भी सामने आई है। वहीं, दीवार और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं में 12 लोगों की जान जाने की बात बताई गई है।