GORAKHPUR NEWS. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से कंप्यूटर सेंटर में शिक्षक और छात्रा से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोमहिया स्थित एक कंप्यूटर सेंटर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक शिक्षक छात्रा के साथ कथित तौर पर अशोभनीय हरकत करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला गोरखपुर जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के सोमहिया का बताया जा रहा है। यहां संचालित कंप्यूटर सेंटर में करीब 40 छात्र-छात्राएं कंप्यूटर सीखते हैं। आरोप है कि क्लास खत्म होने के बाद शिक्षक ने छात्रा को एक्स्ट्रा क्लास के बहाने रोक लिया था।
बहन के साथ कमरे में शिक्षक को देख भड़का भाई
बताया जा रहा है कि छात्रा का भाई कुछ युवकों के साथ कंप्यूटर सेंटर पहुंचा था। वहां उसने शिक्षक को छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। इसके बाद भाई और उसके साथ आए युवकों ने शिक्षक से सवाल-जवाब किए। मामले के दौरान युवकों ने शिक्षक को 2-3 थप्पड़ भी मारे। इस दौरान पूरी घटना मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली गई, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पकड़े जाने पर शिक्षक ने दी सफाई
वीडियो में शिक्षक अपनी सफाई देते हुए छात्रा को अपनी बहन जैसा बता रहा है। उसने दावा किया कि छात्रा ने रक्षाबंधन पर उसे राखी भी बांधी थी और वह अतिरिक्त पढ़ाई के लिए सेंटर में रुकी थी। हालांकि, छात्रा के भाई ने शिक्षक पर गलत हरकत करने का आरोप लगाया है। युवकों ने शिक्षक को दोबारा ऐसी घटना होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।
वायरल वीडियो पर पुलिस ने लिया संज्ञान
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर मामला चर्चा में आ गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
कैंपियरगंज के सीओ अनुराग सिंह के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के एक कोचिंग सेंटर का है। वीडियो में कोचिंग सेंटर का अध्यापक एक छात्रा के साथ अशोभनीय हरकत करता दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने संबंधित शिक्षक जगदीश चौरसिया को हिरासत में लिया है।