
पहले शराब भट्ठी के पास दरिंदगी, फिर सरकारी स्कूल के मैदान में दोबारा वारदात… राजधानी की सुरक्षा और पेट्रोलिंग पर उठे गंभीर सवाल
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक 23 वर्षीय महिला के साथ गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस पेट्रोलिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि तीन युवकों ने महिला को पहले सरोना शराब भट्ठी के पास नशे में धुत कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर आमापारा स्थित आरडी तिवारी सरकारी स्कूल के मैदान में ले गए। यहां भी आरोपियों ने महिला को शराब पिलाई और खाना खिलाने के बाद उसके साथ दोबारा सामूहिक दुष्कर्म किया।
काम की तलाश में बैठी थी महिला, तभी पहुंचे तीन युवक
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात बिलासपुर की रहने वाली 23 वर्षीय महिला सरोना शराब भट्ठी के पास एक वाहन शोरूम के नजदीक काम की तलाश में बैठी थी। इसी दौरान तीन युवक उसके पास पहुंचे और बातचीत शुरू की।
आरोप है कि कुछ देर बाद तीनों ने वहीं शराब पीना शुरू कर दिया और महिला को भी जबरन शराब पिलाई। महिला के नशे में होने के बाद तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
लेकिन आरोपों के मुताबिक, दरिंदगी यहीं नहीं रुकी।
पहली वारदात के बाद दूसरी जगह ले गए
आरोपियों ने महिला को यह कहकर बहलाया कि यह इलाका ठीक नहीं है और उसे खाना खिलाने के बहाने अपने साथ ले जाने लगे। महिला को बाइक पर बैठाकर आरोपी आमापारा स्थित आरडी तिवारी सरकारी स्कूल के मैदान में पहुंचे।
यहां भी कथित तौर पर तीनों ने शराब पी और महिला को शराब पिलाई। खाना खिलाने के बाद आरोपियों ने उसके साथ दूसरी बार सामूहिक दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए।
एक ही रात में दो अलग-अलग जगहों पर हुई इस वारदात ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुबह स्कूल के चौकीदार ने देखा तो मचा हड़कंप
रविवार सुबह स्कूल के चौकीदार की नजर मैदान में पड़ी एक महिला पर गई। महिला बेहोशी की हालत में पड़ी थी। तत्काल आजाद चौक थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए एम्स अस्पताल ले गई। होश में आने के बाद महिला ने पुलिस को पूरी घटना बताई। इसके बाद पुलिस ने सरोना से लेकर आमापारा तक के संभावित रास्तों और इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और देर शाम तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पति छोड़कर चला गया, काम की तलाश में रायपुर आई थी
पीड़िता के मुताबिक वह बिलासपुर के चकरभाठा इलाके की रहने वाली है। करीब तीन साल पहले वह घर से निकलकर महासमुंद के बागबाहरा निवासी एक युवक के साथ शादी कर ली थी। काम के सिलसिले में पति उसे ओडिशा लेकर गया था, लेकिन बाद में कटक में उसे छोड़कर फरार हो गया।
करीब दो महीने पहले महिला रायपुर आई थी। यहां छेरीखेड़ी स्थित एक शादी हॉल में मजदूरी कर रही थी। काम खत्म होने के बाद उसे वहां से भी हटा दिया गया। इसके बाद वह रायपुर में लगातार काम की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान शनिवार रात उसकी मुलाकात तीनों आरोपियों से हुई और आरोप है कि इसी मुलाकात के बाद उसके साथ यह भयावह घटना हुई।
जीरो में FIR, DD नगर पुलिस को जांच
घटना के बाद आजाद चौक थाना पुलिस ने गैंगरेप की धाराओं में जीरो पर एफआईआर दर्ज की और मामले को आगे की जांच के लिए डीडी नगर थाना पुलिस को ट्रांसफर किया।
पुलिस ने रायपुर निवासी शिवा, आयुष दुर्गा और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
राजधानी की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
इस पूरी घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि एक महिला के साथ कथित तौर पर पहले सार्वजनिक स्थान के नजदीक और फिर सरकारी स्कूल के मैदान में दूसरी बार वारदात हो गई, लेकिन आरोपियों को रोकने या घटना का पता लगाने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था कितनी प्रभावी थी—यह सवाल अब खड़ा हो गया है।
सरोना से आमापारा तक शहर का यह इलाका रात में कितना सुरक्षित है?
क्या शराब दुकानों और उनके आसपास पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग होती है?
क्या संवेदनशील इलाकों में रात के समय पुलिस की मौजूदगी पर्याप्त है?
और सबसे बड़ा सवाल—अगर सरकारी स्कूल का मैदान भी रात में अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन जाए तो आम नागरिक किस सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा करे?
वारदात के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी जरूर हुई है, लेकिन राजधानी में हुई इस घटना ने पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग, संवेदनशील स्थानों की निगरानी और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस सिर्फ आरोपियों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित रखती है या फिर यह भी जांचती है कि इतनी गंभीर वारदात को रोकने के लिए रात की पेट्रोलिंग और निगरानी व्यवस्था आखिर कहां चूक गई।