FAKE JOB SCAM ALERT: LinkedIn पर ‘ड्रीम जॉब’ की तलाश? कहीं नौकरी के नाम पर आपके साथ न हो जाए बड़ा खेला, गृह मंत्रालय ने जारी की चेतावनी
FAKE JOB SCAM ALERT: Fake Job Scam Alert: ड्रीम जॉब और हाई सैलरी के झांसे में न आएं, गृह मंत्रालय ने जारी की चेतावनी
अगर आप नौकरी की तलाश में हैं और LinkedIn या अन्य जॉब पोर्टल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सतर्क रहने की जरूरत है। गृह मंत्रालय और इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने फर्जी नौकरी के नाम पर हो रही साइबर ठगी को लेकर अलर्ट जारी किया है। एजेंसियों के मुताबिक साइबर अपराधी हाई सैलरी, वर्क फ्रॉम होम, रिमोट इंटर्नशिप और बिना इंटरव्यू के नौकरी जैसे आकर्षक ऑफर्स देकर युवाओं को निशाना बना रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, ठग सबसे पहले LinkedIn और अन्य जॉब प्लेटफॉर्म पर फर्जी वैकेंसी पोस्ट करते हैं। इसके बाद उम्मीदवारों से ईमेल, फोन कॉल या मैसेज के जरिए संपर्क किया जाता है। नौकरी का झांसा देकर उनसे व्यक्तिगत और बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल की जाती है।
ऐसे काम करता है फर्जी जॉब स्कैम
– हाई सैलरी और वर्क फ्रॉम होम का लालच देना।
– बिना इंटरव्यू के तत्काल चयन का दावा करना।
– नकली ऑनबोर्डिंग पोर्टल और फर्जी फॉर्म भरवाना।
– PAN कार्ड, बैंक खाते और अन्य निजी जानकारी मांगना।
– जल्दी जॉइनिंग के लिए दबाव बनाना।
कई मामलों में उम्मीदवारों को 40 हजार रुपये तक स्टाइपेंड और तत्काल ऑफर लेटर का झांसा देकर फंसाया जा रहा है।
क्या हो सकता है नुकसान?
विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे स्कैम का शिकार होने पर लोगों को पहचान की चोरी, बैंकिंग फ्रॉड, आर्थिक नुकसान और निजी डेटा के दुरुपयोग जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। एक बार संवेदनशील जानकारी गलत हाथों में पहुंचने के बाद उसका इस्तेमाल कई प्रकार की साइबर ठगी में किया जा सकता है।
नौकरी खोजते समय बरतें ये सावधानियां
– बिना इंटरव्यू के मिलने वाले ऑफर पर तुरंत भरोसा न करें।
– PAN, बैंक डिटेल्स और अन्य संवेदनशील जानकारी साझा करने से पहले कंपनी की सत्यता जांचें।
– कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, ईमेल और ऑनलाइन उपस्थिति की पुष्टि करें।
– अत्यधिक स्टाइपेंड, असामान्य वेतन और तत्काल जॉइनिंग के दबाव को चेतावनी संकेत मानें।
– किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी प्रामाणिकता जरूर जांच लें।
इन संकेतों को समझें रेड फ्लैग
अगर कोई कंपनी बेहद ज्यादा सैलरी देने का दावा करे, बिना इंटरव्यू नौकरी ऑफर करे या शुरुआत में ही बैंकिंग और निजी दस्तावेज मांगने लगे, तो सतर्क हो जाएं। ऐसे ऑफर फर्जी हो सकते हैं।
ठगी का शिकार होने पर क्या करें?
यदि आप किसी साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाते हैं, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
विशेषज्ञों का कहना है कि नौकरी की तलाश में जल्दबाजी करना नुकसानदायक साबित हो सकता है। किसी भी ऑफर को स्वीकार करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच-पड़ताल करें। डिजिटल दौर में ड्रीम जॉब का लालच साइबर ठगी का जाल भी हो सकता है, इसलिए सतर्क रहें और सोच-समझकर फैसला लें।