DHAMTARI NEWS. धमतरी जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। बीजापुर जिले में आरक्षक के पद पर पदस्थ रूप नारायण नागवंशी कुछ दिनों की छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव कानिडबरी आए हुए थे। इसी दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और गांव में भी शोक का माहौल है। मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
छुट्टी के दौरान उठाया आत्मघाती कदम
जानकारी के मुताबिक, रूप नारायण नागवंशी बीजापुर जिले के आमापल्ली में आरक्षक के पद पर तैनात थे। वह कुछ दिनों की छुट्टी लेकर अपने घर कानिडबरी लौटे थे।परिजनों के मुताबिक, इस दौरान उन्हें अंदाजा नहीं था कि जवान किसी परेशानी से गुजर रहे हैं। घर पर ही उन्होंने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जवान के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले उसकी किसी तरह की परेशानी या तनाव था या नहीं।
फिलहाल जवान के इस कदम के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पारिवारिक, व्यक्तिगत और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।