छत्तीसगढ़ के सुनील तिवारी को राष्ट्रीय सम्मान, ‘100 Inspiring Indians’ में मिली जगह
रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में काम कर रहे अभिनेता, गायक और रंगझांझर लोक कला समूह के संचालक सुनील तिवारी ने प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्हें वर्ष 2026 के 100 प्रेरणादायक भारतीय व्यक्तित्वों में शामिल किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें छत्तीसगढ़ी लोककला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया।
नई दिल्ली के होटल हयात में आयोजित सम्मान समारोह में यह सम्मान एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की वरिष्ठ उपाध्यक्ष और ओलंपियन अंजू बॉबी जॉर्ज के हाथों प्रदान किया गया। इसी अवसर पर लेखक डॉ. तिलक तंवर की पुस्तक ‘100 Inspiring Indians’ का विमोचन भी किया गया, जिसमें देशभर के 100 ऐसे व्यक्तित्वों के योगदान को शामिल किया गया है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है।
छत्तीसगढ़ी लोककला के लिए मिला सम्मान
सुनील तिवारी को छत्तीसगढ़ी लोककला के संरक्षण, प्रदर्शन और प्रचार-प्रसार में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आयोजकों की ओर से उन्हें वर्ष 2026 के 100 प्रेरणादायक भारतीयों में स्थान दिया गया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस सूची में शामिल होने वाले वे छत्तीसगढ़ के पहले व्यक्ति हैं।
‘100 Inspiring Indians’ पुस्तक में ऐसे लोगों की उपलब्धियों और प्रयासों का उल्लेख है, जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में पहचान बनाने के साथ समाज को भी नई दिशा देने का प्रयास किया। पुस्तक में उन व्यक्तित्वों को जगह दी गई है, जिन्होंने अपनी विधा से जुड़े अन्य लोगों को आगे बढ़ाने और अपने क्षेत्र को व्यापक पहचान दिलाने में योगदान दिया है।
कला, साहित्य और समाजसेवा से जुड़े लोग हुए शामिल
इस समारोह में देश के अलग-अलग हिस्सों से कला, साहित्य, सिनेमा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
सम्मान मिलने पर सुनील तिवारी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोककला और यहां के कलाकारों का सम्मान है। उन्होंने इस उपलब्धि को प्रदेश के सभी लोक कलाकारों को समर्पित किया।
पहले भी मिल चुके हैं कई सम्मान
सुनील तिवारी छात्र जीवन से ही विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। उन्हें स्काउट के रूप में तत्कालीन राष्ट्रपति आर. वेंकटरमन के हाथों भी सम्मान प्राप्त हुआ था। इसके अलावा कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें कई पुरस्कार मिल चुके हैं। छत्तीसगढ़ शासन की ओर से भी उन्हें चक्रधर सम्मान से अलंकृत किया जा चुका है।
सुनील तिवारी की इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ी लोककला और प्रदेश के कलाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखा जा रहा है।