CG SPORTS KIT TENDER. सरकारी खरीदी में अफसरों की मनमानी का एक और मामला सामने आया है। समग्र शिक्षा के तहत प्रदेश के प्राइमरी, मिडिल और हाई स्कूलों में स्पोर्ट्स किट सप्लाई के लिए करीब 40 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया गया है। टेंडर नंबर GEM/2026/B/8296617 के तहत कुल 22,242 किट की सप्लाई होनी है। लेकिन इस टेंडर की शर्तें देखकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या पूरी निविदा प्रक्रिया किसी खास सप्लायर को फायदा पहुंचाने के हिसाब से तैयार की गई है?
हैरानी की बात यह है कि खेल सामग्री की किट में शामिल एक वजन नापने वाली मशीन को आधार बनाकर ऐसी शर्त जोड़ दी गई है, जिसका असर पूरे टेंडर में भाग लेने वाले सप्लायरों की पात्रता पर पड़ सकता है। 64 पन्नों के RFP में पेज 37-38 पर दर्ज कंडिका 3.1 से 3.5 तक की शर्तें अब सवालों के घेरे में हैं।
एक वेइंग मशीन के लिए पूरे टेंडर पर लाइसेंस की शर्त!
टेंडर में स्पोर्ट्स से जुड़े कई सामान शामिल हैं। इनमें वेइंग मशीन यानी वजन नापने वाली मशीन भी एक आइटम है। लेकिन इसी मशीन के बहाने बिड में भाग लेने वाले OEM के लिए नापतौल विभाग से जारी वैध डीलर लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन और रिपेयरर लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है।
सवाल यह है कि जब टेंडर खेल सामग्री की सप्लाई का है, तो सभी बिडरों के लिए नापतौल विभाग का डीलर और रिपेयरर लाइसेंस अनिवार्य करने का औचित्य क्या है? क्या इस एक आइटम की शर्त के कारण सामान्य स्पोर्ट्स गुड्स सप्लायरों को प्रतिस्पर्धा से बाहर करने की स्थिति नहीं बनेगी?
स्पेसिफिकेशन में नहीं, दूसरी शर्तों में लाइसेंस का खेल!
इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प पहलू RFP के दो हिस्सों में दिखाई देने वाला अंतर है। अन्य प्लास्टिक सामग्री के लिए जहां BIS लाइसेंस की आवश्यकता स्पष्ट रूप से लिखी गई है, वहीं वेइंग स्केल के आइटम स्पेसिफिकेशन में किसी टेस्ट रिपोर्ट और लाइसेंस की ऐसी स्पष्ट शर्त का उल्लेख नहीं है।
इसके बावजूद सामान्य पात्रता संबंधी शर्तों में नापतौल विभाग का डीलर और रिपेयरर लाइसेंस अनिवार्य कर दिया गया है। किसी अन्य खेल सामग्री के लिए ऐसा ट्रेड लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन अनिवार्य नहीं किया गया।
यानी एक तरफ वेइंग मशीन किट का सिर्फ एक हिस्सा है, दूसरी तरफ उसी के आधार पर पूरे टेंडर में भाग लेने वालों के लिए विशेष लाइसेंस की शर्त रखी गई है। यह विरोधाभास किसी खास सप्लायर को फायदा पहुंचाने के लिए पिछले दरवाजे से रास्ता बनाने की आशंका पैदा करता है।
OEM के लिए अलग से कई प्रमाणपत्र अनिवार्य
वेइंग मशीन के लिए तकनीकी शर्तों में OEM से Legal Metrology Manufacturing Licence, Model Approval Certificate, Regional Reference Standards Laboratory (RRSL) का टेस्ट सर्टिफिकेट और मशीन पर Legal Metrology Department की स्टांपिंग अनिवार्य की गई है। इसके अलावा डीलर और रिपेयरर लाइसेंस की शर्त भी जोड़ दी गई है।
सवाल यह है कि मशीन की वैधानिक और तकनीकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रमाणपत्रों के बावजूद पूरे स्पोर्ट्स किट टेंडर में भाग लेने वाले बिडरों पर अतिरिक्त लाइसेंस की शर्त थोपने की जरूरत क्यों पड़ी?
GeM के अपने ATC Disclaimer से भी उठ रहे सवाल
टेंडर में GeM के नियमों की अनदेखी का आरोप भी लग रहा है। GeM के ATC Disclaimer की कंडिका 9 में गलत कैटेगरी में बिड बनाने और कंडिका 12 में बिड की निर्धारित शर्तों के विपरीत Buyer Added ATC जोड़ने को लेकर प्रावधान दिए गए हैं।
टेंडर के Bid Details में Item Category के रूप में Sports and Physical Education Kit for Government Primary Schools दर्ज है। वहीं Relevant Categories Selected for Notification में Chess Board (V2), Cricket Ball (V2) और Cricket Bat (V2) जैसी कैटेगरी दिखाई गई हैं। दूसरी ओर इसी किट में वेइंग मशीन भी शामिल है, जो GeM पर अलग कैटेगरी का उत्पाद है।
GeM के प्रावधानों के अनुसार अलग कैटेगरी में उपलब्ध सामग्री को दूसरी कैटेगरी की बिड में शामिल करने की वैधता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि किसी उत्पाद के लिए GeM पर अलग कैटेगरी उपलब्ध है, तो उसे दूसरी कैटेगरी में शामिल करने का आधार क्या है?
पहले भी सुप्रीम कोर्ट से रद्द हो चुका है टेंडर
सबसे गंभीर पहलू यह है कि सरकारी स्कूलों के लिए स्पोर्ट्स किट सप्लाई का पिछला टेंडर भी सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। 6 अक्टूबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने Vinishma Technologies Pvt. Ltd. बनाम State of Chhattisgarh मामले में पिछली निविदाओं को निरस्त किया था।
उस मामले में छत्तीसगढ़ में पूर्व सरकारी सप्लाई का अनुभव अनिवार्य करने वाली शर्त को मनमाना, अनुचित और भेदभावपूर्ण पाया गया था। हालांकि, मौजूदा टेंडर में विवादित नापतौल लाइसेंस की शर्त अलग है, लेकिन पिछली न्यायिक कार्रवाई के बाद भी नई निविदा की शर्तों पर सवाल उठना विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
40 करोड़ के टेंडर में किसके लिए बिछाया गया रास्ता?
64 पन्नों के RFP में एक छोटी-सी कंडीशन पूरे टेंडर की प्रतिस्पर्धा को प्रभावित कर सकती है। एक तरफ खेल सामग्री के सप्लायरों को आमंत्रित किया जा रहा है, दूसरी तरफ नापतौल विभाग के विशेष लाइसेंस की शर्त रखकर पात्रता का दायरा सीमित करने की आशंका पैदा की जा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर खेल सामग्री के टेंडर में वजन नापने वाली मशीन को आधार बनाकर ऐसी शर्तें क्यों जोड़ी गईं? क्या विभाग ने इसके प्रतिस्पर्धा पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन किया? क्या किसी विशेष सप्लायर को फायदा पहुंचाने के लिए इन शर्तों को शामिल किया गया है?
कंडिका 3.5, वेइंग मशीन के स्पेसिफिकेशन और GeM की कैटेगरी एवं ATC प्रावधानों की समीक्षा से इन सवालों की वास्तविकता सामने आ सकती है। करीब 40 करोड़ रुपए की इस खरीदी में विभागीय अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच और टेंडर की विवादित शर्तों की समीक्षा जरूरी है।
