बुलंदशहर। खुर्जा क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले और खौफनाक खुलासे हो रहे हैं। मोमिन नामक युवक ने अपने ही पिता रियाजुद्दीन और पत्नी सना को गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे ससुर-बहू की अवैध नजदीकियां, डिजिटल जासूसी और नवजात बच्चे की पितृत्व को लेकर उठा विवाद मुख्य वजह बने।
शादी के एक साल बाद बिगड़ी घर की खुशियां
मोमिन और सना का निकाह पिछले साल 14 फरवरी 2025 को धूमधाम से हुआ था। शुरुआती सात महीने सब ठीक रहा, लेकिन इसके बाद घर में तनाव बढ़ने लगा। पुलिस के अनुसार, मोमिन के पिता रियाजुद्दीन और बहू सना के बीच अनुचित रिश्ते की भनक परिवार को लगी। घर में रोजाना झगड़े होने लगे।सबसे पहले मोमिन की मां किस्वर को अपने पति और बहू के व्यवहार पर शक हुआ। अक्टूबर में किस्वर ने दोनों को घर में आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इसके बाद सना को मायके भेज दिया गया और तलाक की नौबत आ गई। बाद में मायके वालों के आश्वासन पर सना वापस ससुराल लौटी, लेकिन घर का माहौल पहले से भी ज्यादा खराब हो गया।रियाजुद्दीन ने पत्नी किस्वर को मकान अपने नाम होने की धौंस दिखाते हुए घर से निकालने की धमकी तक दे डाली।
पति लैपटॉप पर पत्नी की चैट पढ़ता था
जांच में खुलासा हुआ कि मोमिन को पत्नी सना पर पूरा शक हो चुका था। उसने सना का WhatsApp अपने लैपटॉप से वेब लॉगिन कर लिया था और रोजाना उनकी चैट, वॉयस नोट्स सुनता और पढ़ता था। सना और रियाजुद्दीन आपस में मैसेज और वॉयस नोट्स के जरिए बात करते थे। पुलिस अब इन चैट्स की फॉरेंसिक जांच कर रही है।
नवजात बच्चे को अपनाने से किया इनकार
10 मई को सना ने एक बेटे को जन्म दिया। 16 मई को जब वह अस्पताल से घर लौटी, तो मोमिन ने बच्चे को अपना खून मानने से साफ इनकार कर दिया। बच्चे की पितृत्व को लेकर घर में तीखा विवाद छिड़ गया। कई समझौते की कोशिशें हुईं, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
खुद किया कत्ल, खुद दी पुलिस को सूचना
ऱविवार को तनाव चरम पर पहुंच गया। मोमिन ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और पिता रियाजुद्दीन व पत्नी सना को गोली मार दी। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के बाद मोमिन भागा नहीं, बल्कि खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी मोमिन को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और डिजिटल सबूतों तथा अन्य गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।




