BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दुकान में काम करने के दौरान व्यापारी से हुई जान-पहचान का फायदा उठाकर एक युवती ने उसे कथित तौर पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। साथ में खिंचवाई गई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती ने व्यापारी से करीब 2 लाख रुपये वसूल लिए। लगातार पैसों की मांग और धमकियों से परेशान होकर व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
दुकान में काम करते समय हुई थी जान-पहचान
कोतवाली सीएसपी गगन कुमार (आईपीएस) के मुताबिक, खपरगंज कल्लू बाड़ा निवासी सूर्या सोनी (28) ने बुधवार को ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि लोफंदी निवासी प्राची कश्यप (20) वर्ष 2025 में उसकी दुकान पर काम करने आई थी। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और मोबाइल फोन पर बातचीत के साथ चैटिंग भी होने लगी। बताया गया कि इसी दौरान दोनों ने साथ में कुछ तस्वीरें खिंचवाई थीं। बाद में युवती ने इन्हीं तस्वीरों को आधार बनाकर व्यापारी को धमकाना शुरू कर दिया।
फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे रुपये
आरोप है कि युवती व्यापारी को उसकी तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देती थी। इतना ही नहीं, उसे झूठे केस में फंसाने की बात कहकर भी दबाव बनाया जाता था। सामाजिक बदनामी और लोकलाज के डर से व्यापारी ने युवती को ऑनलाइन और नकद मिलाकर करीब 2 लाख रुपये दे दिए। हालांकि, रकम मिलने के बाद भी युवती की मांग खत्म नहीं हुई।
दो लाख रुपये देने के बाद भी नहीं रुकी उगाही
शिकायत के अनुसार, व्यापारी से 2 लाख रुपये मिलने के बाद भी युवती लगातार फोन कर और रकम मांगती रही। पैसे नहीं देने पर वह आत्महत्या करने की धमकी भी देती थी। लगातार मिल रही धमकियों और बढ़ती पैसों की मांग से परेशान होकर व्यापारी ने आखिरकार पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया।
सिटी कोतवाली पुलिस ने युवती को किया गिरफ्तार
व्यापारी की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोफंदी निवासी प्राची कश्यप (20) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी युवती को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।