BALRAMPUR NEWS. उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच दोस्तों की जान चली गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी दोस्त रात में चाय पीने के लिए दो बाइकों पर सवार होकर निकले थे। इसी दौरान घने कोहरे के कारण एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर गिरे युवकों को उठाने के लिए उनके साथी रुके ही थे कि पीछे से आए तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने सभी को कुचल दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों को बचाने के चक्कर में फिसली बाइक, फिर हुआ दर्दनाक हादसा
पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि सभी युवक छप्पर तलवा और गौरीवनडीह गांव के रहने वाले थे। बुधवार रात करीब 11 बजे दोस्तों ने साथ में चाय पीने का प्लान बनाया और दो बाइकों पर सवार होकर उतरौला बाजार की ओर निकल पड़े। बलरामपुर-उतरौला रोड पर अक्सीबड़हरा गांव के पास घना कोहरा छाया हुआ था। इसकी वजह से सड़क पर दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान एक बाइक के सामने अचानक कुछ राहगीर आ गए। उन्हें बचाने की कोशिश में बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठे और बाइक सड़क पर फिसल गई। पीछे दूसरी बाइक से आ रहे उनके दोस्त भी रुक गए और सड़क पर गिरे युवकों को उठाने लगे। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक चार पहिया वाहन ने सड़क पर मौजूद युवकों को कुचल दिया।
टक्कर इतनी जोरदार कि 5 से 10 फीट दूर जा गिरे युवक
हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर लगने से युवक करीब 5 से 10 फीट दूर जा गिरे। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर घायल युवक तड़पते रहे, जबकि आरोपी वाहन चालक रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो युवकों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
हादसे में इन पांच युवकों की गई जान, दो की हालत गंभीर
इस भीषण सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान गुफरान (18), सलीम (21), रहमत (30), तौफीक (19) और मोहम्मद फारूक (20) के रूप में हुई है। वहीं, मुजम्मिल खान (20) और नाहिद अली (18) गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का इलाज जारी है। एक साथ पांच युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम पसर गया। आसपास के गांवों में भी शोक का माहौल है।
फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं, हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात चार पहिया वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन की पहचान कर आरोपी तक पहुंचा जा सके।प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और कम दृश्यता बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।