बिलासपुर के चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। जेसीबी मशीन के पंचर टायर में हवा भरने के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 18 वर्षीय हेल्पर उमाकांत कौशिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, निर्माण स्थल पर जेसीबी के टायर की मरम्मत का काम चल रहा था। पंचर बनाने के बाद टायर में हवा भरी जा रही थी, तभी अचानक टायर फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पास खड़ा उमाकांत कौशिक करीब 15 फीट तक हवा में उछल गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे में जेसीबी ऑपरेटर, मैकेनिक समेत तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टायर फटने और युवक के हवा में उछलने का भयावह दृश्य कैद हुआ है। सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।