‘संजू बाबा’ का अनोखा फैन! जन्मदिन मनाने के लिए पहुंचा हाई कोर्ट, आखिरकार मिली सशर्त मंजूरी, जानिए क्या है मामला
BILASPUR NEWS बिलासपुर: बॉलीवुड स्टार संजय दत्त के एक जबरा फैन का अपने पसंदीदा अभिनेता के लिए ऐसा जुनून देखने को मिला कि बर्थडे सेलिब्रेशन की अनुमति नहीं मिलने पर वह सीधे हाई कोर्ट पहुंच गया। अब छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने सशर्त अनुमति देते हुए साफ कहा है कि आयोजन सार्वजनिक सड़क पर नहीं, बल्कि निजी परिसर में ही होगा।
दरअसल, प्रशंसक गुरुदेव अवस्थी ने 29 जुलाई को संजय दत्त का जन्मदिन मनाने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी थी। लेकिन पिछले साल शहर के बीचोंबीच हुए सेलिब्रेशन के दौरान ट्रैफिक जाम और कानून-व्यवस्था की स्थिति बनने का हवाला देते हुए एसडीएम ने आवेदन खारिज कर दिया था।
इसके बाद मामला हाई कोर्ट पहुंचा। सुनवाई में याचिकाकर्ता ने भरोसा दिलाया कि इस बार कार्यक्रम बिलासपुर से करीब 7 किलोमीटर दूर कोनी स्थित एक निजी क्लब के बंद हॉल में होगा और सभी नियमों का पालन किया जाएगा। इसके बाद हाई कोर्ट ने सशर्त मंजूरी दे दी।
BILASPUR NEWS
गौरतलब है कि पिछले साल संजय दत्त के बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान सड़क जाम होने पर हाई कोर्ट ने जिला प्रशासन को फटकार भी लगाई थी। इस बार अदालत ने साफ कर दिया कि जश्न मनाइए, लेकिन आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।