छत्तीसगढ़ के बिलासपुर केंद्रीय जेल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जेल के भीतर एक कैदी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है और कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नीलू जगत के रूप में हुई है, जो कोटा क्षेत्र का निवासी था। वह नवंबर 2024 से पॉक्सो एक्ट के एक मामले में केंद्रीय जेल में सजा काट रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह जेल की ई-1 बैरक में मौजूद था।
इसी दौरान आजीवन कारावास की सजा काट रहा हत्या का आरोपी राजेश राय बैरक में पहुंचा और नाली पर रखे सीमेंट के टूटे स्लैब से नीलू जगत पर हमला कर दिया। हमले में नीलू गंभीर रूप से घायल हो गया। जेल प्रशासन ने उसे तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी राजेश राय के खिलाफ हत्या के तीन और हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक और आरोपी दोनों मानसिक बीमारी से ग्रस्त थे और उनका इलाज चल रहा था।
घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, जेल के भीतर हुई इस हत्या ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।