AYODHYA NEWS. अयोध्या के राम मंदिर से जुड़ा चेक बाउंस का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चेन्नई की एक महिला श्रद्धालु ने राम मंदिर के कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को 4 करोड़ रुपये का चेक दिया था। ट्रस्ट ने जब यह चेक बैंक में जमा कराया तो संबंधित खाते में महज 3 रुपये की राशि मिली। पर्याप्त रकम नहीं होने के कारण 4 करोड़ रुपये का चेक बाउंस हो गया।
कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए देना चाहती थीं रकम
जानकारी के मुताबिक, महिला श्रद्धालु चाहती थीं कि उनके द्वारा दी गई 4 करोड़ रुपये की राशि खास तौर पर राम मंदिर के कर्मचारियों की सुविधाओं पर खर्च की जाए। इसके लिए उन्होंने ट्रस्ट से लिखित आश्वासन भी मांगा था। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से ऐसा लिखित आश्वासन नहीं दिए जाने की बात सामने आई है। इसी दौरान महिला ने मंदिर के लिए अलग से 10 हजार रुपये का दान भी दिया था।
बैंक भेज सकता है नोटिस
4 करोड़ रुपये की बड़ी रकम का चेक अनादरित होने के बाद अब बैंक की ओर से चेक जारी करने वाली महिला को नोटिस भेजे जाने की तैयारी है। नोटिस के जरिए खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के बावजूद इतनी बड़ी रकम का चेक जारी करने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है।
चेक बाउंस के मामलों में कानून के तहत आगे कार्रवाई का भी प्रावधान है। हालांकि, फिलहाल ट्रस्ट की ओर से महिला श्रद्धालु से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने की कोशिश किए जाने की जानकारी है। इस पूरे मामले पर ट्रस्ट की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पहले भी बाउंस हो चुके हैं करोड़ों के चेक
राम मंदिर निर्माण के लिए 2020 में चलाए गए निधि समर्पण अभियान के दौरान 45 दिनों में करीब 3,500 करोड़ रुपये की सहयोग राशि जुटाई गई थी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने चेक के जरिए भी योगदान दिया था।
उस समय तकनीकी और अन्य कारणों से करीब 100 करोड़ रुपये के चेक बाउंस होने की जानकारी सामने आई थी। बाद में अधिकांश चेक दोबारा जमा कराकर राशि की भरपाई कर ली गई थी। हालांकि, करीब 22 करोड़ रुपये के चेक की रकम की रिकवरी बाकी रहने की बात सामने आई थी।
राम मंदिर को हर महीने मिलता है करोड़ों का दान
रामलला के मंदिर में हर महीने अलग-अलग माध्यमों से करीब 3 से 4 करोड़ रुपये का दान मिलने की जानकारी है। इसमें नकद, ऑनलाइन और चेक के जरिए मिलने वाली रकम शामिल है। बताया जाता है कि हर महीने करीब 1 से 1.5 करोड़ रुपये का दान चेक के माध्यम से आता है।
4 करोड़ रुपये का चेक बाउंस होने के बाद बड़ी रकम वाले चेक स्वीकार करने और उनकी क्लियरिंग प्रक्रिया को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा सकती है। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।