Advertisement Carousel

“अब प्रेमी से मिलकर दिखाओ” – शक में पत्नी का पैर काटा, बैग में लेकर सरेंडर किया पति

आंध्र प्रदेश के पालनाडु जिले में एक बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। थोंडापी गांव (मुप्पल्ला मंडल) में दिहाड़ी मजदूर वल्लेपु लक्ष्मैया ने अपनी पत्नी वी. भुलक्ष्मी (33) पर अफेयर का शक होने के कारण कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और उसका दाहिना पैर काट दिया।

हमले के बाद आरोपी ने कटे हुए पैर को लेकर खुद मुप्पल्ला पुलिस स्टेशन पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया और कटे पैर को गुंटूर अस्पताल भेजा, ताकि डॉक्टर सर्जरी से उसे जोड़ने की कोशिश कर सकें।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल भुलक्ष्मी को अस्पताल पहुंचाया। पहले उसे गुंटूर जीजीएच में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए एनआरआई मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत नाजुक बनी हुई है और अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं।

पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच लंबे समय से चरित्र संबंधी शक को लेकर झगड़े चल रहे थे। गुरुवार सुबह फिर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद लक्ष्मैया ने गुस्से में कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।