Advertisement Carousel

अमूल दूध 2 रुपये महंगा, 14 मई 2026 से लागू”

देशभर में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। प्रति लीटर दूध पर ₹2 की बढ़ी हुई कीमतें 14 मई से लागू होंगी। दूध उत्पादक कंपनी अमूल ने इस फैसले के पीछे पशु आहार, पैकेजिंग और ईंधन की बढ़ती लागत को मुख्य कारण बताया है। कंपनी का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य डेयरी किसानों और दूध उत्पादन पर बढ़ते खर्च का संतुलन बनाए रखना है।

नई कीमतों के अनुसार, अमूल गोल्ड (फुल क्रीम) अब ₹35 प्रति 500ml और ₹70 प्रति लीटर मिलेगा। अमूल ताज़ा (टोंड दूध) की कीमत ₹30 प्रति 500ml और ₹58 प्रति लीटर हो गई है। वहीं अमूल गाय का दूध ₹31 प्रति 500ml और अमूल भैंस का दूध ₹38 प्रति 500ml में उपलब्ध होगा।

सहकारी संस्था GCMMF ने बयान जारी करते हुए कहा कि यह मूल्य वृद्धि प्रमुख ताजा दूध पैकेटों पर लागू होगी, जो प्रति लीटर लगभग 2.5% से 3.5% तक की बढ़ोतरी के बराबर है। संस्था के अनुसार इस साल पशुओं के चारे, दूध की पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की लागत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे उत्पादन और संचालन खर्च बढ़ गया है।

GCMMF ने यह भी बताया कि उसके सदस्य संघों ने किसानों के दूध खरीद मूल्य में ₹30 प्रति किलोग्राम फैट की बढ़ोतरी की है, जो मई 2025 के स्तर से करीब 3.7% अधिक है।

गौरतलब है कि अमूल ने इससे पहले 1 मई 2025 को भी दूध की कीमतों में ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। उस समय भी कंपनी ने बढ़ती उत्पादन लागत और किसानों को बेहतर भुगतान देने को इसकी वजह बताया था।