BHOPAL NEWS. भोपाल में रैपिडो ऑटो चालक की एक युवती के साथ अभद्रता और अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। आरोप है कि राइड कैंसिल करने को लेकर हुए विवाद के बाद चालक ने 22 वर्षीय युवती को वॉट्सऐप पर अपने प्राइवेट पार्ट की तस्वीरें भेजीं। इतना ही नहीं, उसने युवती को फोन कर गालियां दीं और उसके धर्म को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, युवती बागसेवनिया थाना क्षेत्र की रहने वाली है। 20 नवंबर को उसने हबीबगंज में शॉपिंग के लिए रैपिडो से ऑटो बुक किया था। सफर के दौरान चालक ने तय किराए से ज्यादा रकम की मांग की। युवती ने अतिरिक्त पैसे देने से इनकार किया तो चालक ने रास्ता भटकने का हवाला देकर फिर से अधिक किराया मांगा।
इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि चालक युवती के साथ गाली-गलौज करने लगा और उस पर राइड कैंसिल करने का दबाव बनाने लगा। युवती के इनकार करने पर उसने उसे रास्ते में ही उतार दिया।
फोन कर परेशान किया, वॉट्सऐप पर भेजीं अश्लील तस्वीरें
युवती का आरोप है कि ऑटो से उतारने के बाद भी चालक ने उसे परेशान करना बंद नहीं किया। वह लगातार फोन करता रहा और वॉट्सऐप पर अपने गुप्तांग की तस्वीरें भेजीं। इस दौरान उसने धर्म को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। आरोपी ने कथित तौर पर कहा, ‘तुम हिंदू लड़कियां होती ही ऐसी हो।’ इस घटना के बाद युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई। उसने पुलिस को आरोपी के फोन कॉल, वॉट्सऐप चैट और तस्वीरों के स्क्रीनशॉट सहित जरूरी सबूत सौंपे हैं।
थाने में शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, CM हेल्पलाइन पहुंची युवती
पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद वह शिकायत लेकर बागसेवनिया थाने पहुंची थी। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे घर भेज दिया, लेकिन पांच दिन से ज्यादा समय बीतने के बावजूद उसे कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद युवती ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दोबारा बागसेवनिया थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू की और युवती के बयान दर्ज किए।
बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पहुंचे थाने
पुलिस की ओर से कार्रवाई में देरी होने का आरोप लगाते हुए युवती ने जिला भेल बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया। इसके बाद कार्यकर्ता भी बागसेवनिया थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपी के मोबाइल और वॉट्सऐप चैट की जांच
मामले में आरोपी की पहचान करोंद निवासी ऑटो चालक मोहम्मद मुस्तकीन के रूप में बताई गई है। उसे हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन और वॉट्सऐप चैट की जांच कर रही है। डिजिटल साक्ष्यों के जरिए युवती को भेजे गए संदेशों और तस्वीरों की पुष्टि की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।