छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में अध्यक्ष की नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। हाईकोर्ट ने राज्य शासन और आयोग को नोटिस जारी कर 14 दिसंबर तक नियुक्ति की स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने यह भी चेतावनी दी है कि तय समय में नियुक्ति नहीं होने पर कठोर कदम उठाए जा सकते हैं।
मुख्य न्यायाधीश कृष्ण राम महापात्र और न्यायमूर्ति संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच में जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। इस दौरान कोर्ट ने 26 अक्टूबर को दिए गए आदेश के बावजूद अब तक अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी जताई। राज्य शासन की ओर से कोर्ट को बताया गया कि नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा।
अध्यक्ष का पद खाली, कई प्रक्रियाएं प्रभावित
दरअसल, CGPSC के पूर्व अध्यक्ष रीता शांडिल्य के 8 सितंबर 2026 को पदमुक्त होने के बाद से आयोग में अध्यक्ष का पद खाली है। नियमित अध्यक्ष नहीं होने के कारण राज्य सेवा परीक्षा-2025 के साक्षात्कार, नई भर्ती परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा और अंतिम चयन सूची जारी करने जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं।
इतना ही नहीं, अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी का असर राज्य सेवा परीक्षा-2026 पर भी पड़ा है। इसके चलते परीक्षा का विज्ञापन जारी होने में देरी हुई है। वहीं, मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के इंटरव्यू भी अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने के कारण अटके हुए हैं।
याचिकाकर्ता ने दिया कार्यवाहक अध्यक्ष बनाने का सुझाव
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से सुझाव दिया गया कि जब तक नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होती, तब तक कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त कर इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है। इससे भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी को कम किया जा सकेगा।
महादेव कावरे के नाम की चर्चा
CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सेवानिवृत्त IAS अधिकारी महादेव कावरे का नाम भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि नियुक्ति को लेकर राजभवन से अनुमोदन की प्रक्रिया से जुड़ी गतिविधियां चल रही हैं। हालांकि, नियुक्ति को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
अब इस मामले में सभी की नजरें 14 दिसंबर को होने वाली अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। हाईकोर्ट ने शासन और आयोग से जवाब मांगा है। ऐसे में देखना होगा कि सरकार निर्धारित समयसीमा के भीतर अध्यक्ष की नियुक्ति पूरी कर पाती है या नहीं।