RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और कथित तौर पर गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में रायपुर पुलिस ने राजस्थान के दौसा निवासी हिमांशु जाटव को गिरफ्तार किया है। आरोपी राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) से पढ़ाई पूरी कर चुका है। उस पर 16 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म करने और उसके गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद गर्भपात कराने का आरोप है।
NIT में पढ़ाई के दौरान हुई थी नाबालिग से पहचान
पुलिस के मुताबिक, हिमांशु जाटव NIT में पढ़ाई के दौरान रायपुर के डीडीनगर थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात 16 वर्षीय छात्रा से हुई थी। दोनों के बीच पहचान बढ़ी और इसी दौरान आरोपी पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।
गर्भवती होने की खबर मिलते ही दिल्ली से रायपुर पहुंचा आरोपी
पढ़ाई पूरी होने के बाद हिमांशु रायपुर छोड़कर दिल्ली चला गया था। कुछ समय बाद नाबालिग छात्रा ने फोन कर उसे अपनी गर्भावस्था की जानकारी दी। यह बात सुनते ही आरोपी दिल्ली से रायपुर लौट आया। आरोप है कि यहां उसने छात्रा का गर्भपात करा दिया।मामले का खुलासा तब हुआ, जब पीड़िता के परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने डीडीनगर थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
POCSO एक्ट के तहत आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद डीडीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हिमांशु जाटव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस कथित गर्भपात कहां कराया गया और इस मामले में किन लोगों ने मदद की, इसकी जांच कर रही है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य भी जुटा रही है।